Page Loader
शिवसेना विधायक का उद्धव को पत्र- केंद्रीय एजेंसियां कर रहीं परेशान, भाजपा से हाथ मिला लो
शिवसेना विधायक प्रताप सरनाइक

शिवसेना विधायक का उद्धव को पत्र- केंद्रीय एजेंसियां कर रहीं परेशान, भाजपा से हाथ मिला लो

Jun 20, 2021
07:36 pm

क्या है खबर?

शिवसेना के एक विधायक ने पार्टी प्रमुख और महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे को पत्र लिखकर कहा है कि केंद्रीय एजेंसियां उसके नेताओं को परेशान कर रही हैं और इससे बचने के लिए शिवसेना को एक बार फिर से भाजपा से हाथ मिला लेना चाहिए। ठाणे के ओवाला-माजीवाड़ा से विधायक प्रताप सरनाइक ने अपने पत्र में राज्य सरकार में सहयोगी राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) और कांग्रेस पर गठबंधन को कमजोर करने का आरोप भी लगाया है।

पत्र

बिना कारण परेशान कर रही हैं केंद्रीय एजेंसियां- विधायक

10 जून के अपने इस पत्र में सरनाइक ने कहा है कि भाजपा और शिवसेना अब सहयोगी नहीं हैं, लेकिन उनके नेताओं के अच्छे संबंध हैं और उन्हें इसका फायदा उठाया चाहिए। उन्होंने लिखा है, "कई केंद्रीय एजेंसियां ​​मेरे और अनिल परब और रवींद्र वायकर जैसे अन्य शिवसेना नेताओं और उनके परिवारों को बिना किसी कारण के परेशान कर रही हैं। अगर हम फिर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से हाथ मिला लें तो इन परेशानियों से बचा जा सकता है।"

आरोप

"गठबंधन को कमजोर कर रहीं कांग्रेस और NCP"

कांग्रेस-NCP पर आरोप लगाते हुए सरनाइक ने कहा है कि ये दोनों गठबंधन को कमजोर करने की कोशिश कर रही हैं और इसमें शायद केंद्र का भी साथ है क्योंकि किसी NCP नेता के पीछे कोई एजेंसी नहीं है। उन्होंने लिखा है, "कांग्रेस नगर निगम के चुनाव अकेले लड़ेगी, वहीं NCP शिवसेना के विधायकों को ही तोड़ने का प्रयास कर रही है... ऐसा लगता है जैसे गठबंधन कांग्रेस और NCP को बढ़ने में मदद करने के लिए हुआ है।"

बयान

नगर निगम चुनावों में भाजपा से हाथ मिलने की सलाह

इन परिस्थितियों को देखते हुए सरनाइक ने इससे पहले की देर हो, भाजपा से हाथ मिलाने का सुझाव दिया है। उन्होंने ठाकरे को मुंबई और ठाणे के आगामी नगर निगम चुनावों में भाजपा से हाथ मिलाने की सलाह भी दी है।

प्रतिक्रिया

भाजपा नेता ने कहा- जेल जाने के डर से दिया हाथ मिलाने का सुझाव

सरनाइक के पत्र पर प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा नेता किरीट सोमैया ने कहा कि शिवसेना विधायक ने यह सुझाव जेल जाने के डर से दिया है। उन्होंने कहा, "प्रताप सरनाइक, अनिल परब और रवींद्र वायकर जैसे शिवसेना के सभी भ्रष्ट नेताओं को जेल जाना ही पड़ेगा।" बता दें कि प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने पिछले साल सरनाइक की कई संपत्तियों पर छापा मारा था और उनके बेटे विहांग से पूछताछ भी की थी।

बयान

महाराष्ट्र भाजपा प्रमुख ने कहा- ठाकरे देंगे प्रस्ताव तो करेंगे विचार

वहीं महाराष्ट्र भाजपा प्रमुख चंद्रकांत पाटिल ने कहा कि अगर मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ऐसा कोई प्रस्ताव देते हैं, तभी भाजपा नेतृत्व इस पर विचार करेगा। उन्होंने कहा, "प्रताप सरनाइक एक शिवसेना विधायक हैं। उन्होंने अपने पार्टी प्रमुख को पत्र लिख भाजपा से हाथ मिलाने को कहा है। अगर उद्धव ठाकरे भी ऐसा ही सोचते हैं तो भाजपा नेतृत्व इस पर विचार करेगा।" उन्होंने कहा कि सरनाइक ने वही बात कही है जो भाजपा कहती आई है।

फूट

2019 में टूटा था शिवसेना और भाजपा का दशकों पुराना गठबंधन

बता दें कि तीन दशक से अधिक समय तक सहयोगी रहने के बाद 2019 में भाजपा और शिवसेना का गठबंधन टूट गया था। अलग होने से पहले दोनों पार्टियां एक साथ मिलकर विधानसभा चुनाव लड़ी थीं और उनके गठबंधन को बहुमत मिला था, लेकिन भाजपा के ढाई साल के लिए उसे मुख्यमंत्री पद न देने पर शिवसेना ने गठबंधन तोड़ दिया था। इसके बाद शरद पवार के प्रयासों से शिवसेना, NCP और कांग्रेस के गठबंधन की सरकार बनी थी।