
शशि थरूर का कांग्रेस को झटका, 'ऑपरेशन सिंदूर' पर सरकार को घेरने से किया इनकार- रिपोर्ट
क्या है खबर?
कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने संसद में होने वाली 'ऑपरेशन सिंदूर' पर बहस के मामले में कांग्रेस को बड़ा झटका दे दिया है। उन्होंने भारतीय सेना के इस ऑपरेशन पर संसद में होने वाली बहस को लेकर कांग्रेस के विचारों पर टिके रहने और केंद्र सरकार को घेरने से साफ इनकार कर दिया है। सूत्रों के अनुसार, राहुल गांधी के कार्यालय ने उनसे संपर्क कर उन्हें बहस के दौरान सरकार पर हमलों का नेतृत्व करने के लिए कहा था।
समर्थन
थरूर ने कही 'ऑपरेशन सिंदूर' के समर्थन की बात
NDTV ने सूत्रों के हवाले से लिखा कि थरूर ने कहा कि वह संसद में यह तर्क नहीं दे सकते कि भारत का सैन्य अभियान सफल नहीं था। उन्होंने स्पष्ट कर दिया कि वह 'ऑपरेशन सिंदूर' के समर्थन में बोलेंगे। वह पार्टी के संदेश के लिए वह अपनी स्थिति का खंडन नहीं कर सकते हैं। बता दें कि थरूर ने इस ऑपरेशन के बाद सरकार की ओर से अमेरिका भेजे गए सर्वदलीय सरकारी प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व भी किया था।
कदम
कांग्रेस ने बोलने वालों की सूची से हटाया थरूर का नाम
सूत्रों के अनुसार, थरूर के इस निर्णय के बाद कांग्रेस ने बहस के दौरान थरूर को न बोलने देने का निर्णय किया है। ऐसे में बोलने वालों की सूची से उनका नाम हटा दिया गया है। अब बहस में कांग्रेस की ओर से राहुल गांधी, उपनेता गौरव गोगोई, सांसद प्रियंका गांधी, दीपेंद्र हुड्डा, परिणीति शिंदे, शफी परमबिल, मणिकम टैगोर और राजा बराड सरकार को घेरेंगे। थरूर ने लोकसभा में जाने से पहले भी मीडिया के सवालों पर चुप्पी साधे रखी।