Page Loader
उत्तर प्रदेश में 6 और असम में 3 सीटें सहयोगियों को दे सकती है भाजपा- रिपोर्ट
भाजपा उत्तर प्रदेश में सहयोगियों को 6 सीटें दे सकती हैं

उत्तर प्रदेश में 6 और असम में 3 सीटें सहयोगियों को दे सकती है भाजपा- रिपोर्ट

लेखन आबिद खान
Mar 01, 2024
12:16 pm

क्या है खबर?

लोकसभा चुनाव को लेकर भाजपा रणनीति बनाने में जुटी हुई है। कल रात हुई पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक में 16 राज्यों के कई उम्मीदवारों के नामों पर मुहर लग गई है। कहा जा रहा है कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) में सीट बंटवारे को लेकर भी चर्चा पूरी हो गई है। उत्तर प्रदेश, झारखंड और असम में भाजपा का सहयोगी दलों के साथ सीट बंटवारा लगभग तय हो गया है।

उत्तर प्रदेश

उत्तर प्रदेश: अपना दल और RLD को मिलेगी 2-2 सीट

NDTV की रिपोर्ट के मुताबिक, उत्तर प्रदेश में भाजपा अपनी सहयोगी पार्टियों के लिए 6 सीटें छोड़ सकती है। अपना दल और राष्ट्रीय लोक दल (RLD) के लिए 2-2 और एक-एक सीट निषाद पार्टी और ओमप्रकाश राजभर की पार्टी को देने पर सहमति बनी है। RLD को कौन सी सीटें मिलेंगी, इस पर अभी फैसला नहीं हुआ है। कहा जा रहा है कि RLD के साथ गठबंधन का औपचारिक ऐलान एक-दो दिन के भीतर हो सकता है।

असम

असम में सहयोगियों को मिलेंगी 3 सीटें

असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा का कहना है कि राज्य में NDA के बीच सीट बंटवारे को लेकर समझौता हो गया है। भाजपा प्रदेश में 11 सीटों पर चुनाव लड़ने जा रही है और सहयोगियों को 3 सीटें देगी। 2 सीट असम गण परिषद (AGP) और एक सीट यूनाइटेड पीपुल्स पार्टी लिबरल (UPPL) के लिए छोड़ी जाएगी। झारखंड में भी एक सीट ऑल झारखंड स्टूडेंट यूनियन (AJSU) के लिए एक सीट छोड़ी जाएगी।

राज्य

बाकी राज्यों का क्या है हाल?

हरियाणा की सभी 10 सीटों पर भाजपा अकेले चुनाव लड़ेगी, क्योंकि यहां दुष्यंत चौटाला के साथ समझौता नहीं हुआ है। बिहार में जनता दल यूनाइटेड (JDU), लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास), लोक जनशक्ति पार्टी (राष्ट्रीय) और उपेन्द्र कुशवाह और जीतनराम मांझी के साथ सीट बंटवारे पर अंतिम चर्चा नहीं हुई है। महाराष्ट्र में शिवसेना (शिंदे गुट) और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP अजित पवार गुट) के साथ अभी बातचीत चल रही है।

सहयोगी

नए सहयोगी भी तलाश रही भाजपा

बाकी राज्यों में प्रत्याशियों के नाम का ऐलान करने से पहले भाजपा गठबंधन बढ़ाने की कोशिश भी कर रही है। पंजाब में कभी पुरानी सहयोगी रही शिरोमणि अकाली दल (SAD) के साथ बातचीत चल रही है, लेकिन किसानों के दिल्ली मार्च की वजह से इसमें रुकावटें आ रही हैं। आंध्र प्रदेश में तेलुगु देशम पार्टी (TDP) और जनसेना और तमिलनाडु में ऑल इंडिया अन्ना द्रमुक मुन्नेत्र कड़गम (AIADMK) से भी चर्चा चल रही है।

सूची

एक-दो दिन में आ सकती है पहली सूची

लोकसभा चुनाव के लिए भाजपा अपने उम्मीदवारों की पहली सूची आज या कल में जारी कर सकती है। इसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह समेत 100 से ज्यादा लोगों के नाम हो सकते हैं। इसमें 16 राज्यों की ज्यादातर वो सीटें होंगी, जहां भाजपा मजबूत है। मोदी वाराणसी, शाह गांधीनगर, स्मृति ईरानी अमेठी और राजनाथ को लखनऊ से मैदान में उतारा जा सकता है।