Page Loader
अविश्वास प्रस्ताव पर बहस के समय संसद टीवी पर चलीं सरकार की उपलब्धियां, विपक्ष का हंगामा
लोकसभा में बहस के बीच संसद टीवी पर सरकार की उपलब्धियां चलाने का दावा

अविश्वास प्रस्ताव पर बहस के समय संसद टीवी पर चलीं सरकार की उपलब्धियां, विपक्ष का हंगामा

लेखन गजेंद्र
Aug 08, 2023
04:42 pm

क्या है खबर?

लोकसभा में केंद्र सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पर बहस के दौरान मंगलवार को उस समय हंगामा हो गया जब विपक्षी सांसदों ने संसद टीवी पर सरकार की उपलब्धियों की जानकारी चलने का आरोप लगाया। दरअसल, कांग्रेस की ओर से सांसद गौरव गोगोई ने चर्चा शुरू की। इसके बाद स्पीकर ने भाजपा सांसद निशिकांत दुबे का नाम बुलाया, लेकिन विपक्ष ने हंगामा शुरू कर दिया। उन्होंने कहा कि संसद टीवी के टिकर में सरकार की उपलब्धिां चल रही हैं।

हंगामा

विपक्षी सांसदों के आरोप पर क्या बोले स्पीकर?

विपक्षी सांसदों ने पूछा कि संसद टीवी पर अविश्वास प्रस्ताव पर खबर क्यों नहीं है। उन्होंने दावा किया कि टीवी पर सरकार की उपलब्धियों के बारे में बताया जा रहा है। तभी स्पीकर ओम बिरला ने कहा कि उनके पास टीवी का बटन नहीं है। उन्होंने सांसदों को शांत कराते हुए कहा कि वह हट जाएगा। उन्होंने विपक्ष के सांसदों को सोच-समझकर बोलने की नसीहत भी दी। टीवी से सरकार की उपलब्धियों की बात हटाने के बाद सांसद शांत हुए।

पलटवार

संसदीय कार्य मंत्री प्रहलाद जोशी क्या बोले?

आजतक के मुताबिक, विपक्षी सांसदों के हंगामे के दौरान संसदीय कार्य मंत्री प्रहलाद जोशी ने विपक्ष पर तंज कसा। उन्होंने कहा कि गौरव गोगोई बोल चुके हैं, उनका पूरा लाइव गया, अब इनको स्क्रॉल को लेकर क्या दिक्कत है। NDTV के मुताबिक, निशिकांत के संबोधन से पहले बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के सांसद दानिश अली ने इस बात को बताया कि संसद टीवी पर कार्यवाही चलने के बजाय सरकार की उपलब्धियों का टिकर चलाया जा रहा है।