Page Loader
महाराष्ट्र निकाय चुनाव के लिए सक्रिय हुआ RSS, भाजपा की जीत के लिए बना रहा रणनीति 
महाराष्ट्र निकाय चुनाव के लिए RSS सक्रिय हो गया है

महाराष्ट्र निकाय चुनाव के लिए सक्रिय हुआ RSS, भाजपा की जीत के लिए बना रहा रणनीति 

लेखन आबिद खान
Dec 29, 2024
08:25 pm

क्या है खबर?

महाराष्ट्र के विधानसभा चुनावों में भाजपा की जीत में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) ने अहम भूमिका निभाई थी। अब RSS निकाय चुनावों में भी भाजपा की जीत सुनिश्चित करने के लिए तैयारियों में जुट गया है। भाजपा ने RSS के नेतृत्व में अपने संगठनों के बीच समन्वय स्थापित करना शुरू कर दिया है। इस संबंध में भयंदर में एक बैठक आयोजित की गई थी, जिसकी अध्यक्षता मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले ने की।

बयान

निकाय चुनाव में भाजपा-RSS मिलकर काम करेगी- बावनकुले

इंडियन एक्सप्रेस से बात करते हुए बावनकुले ने कहा, "विधानसभा चुनावों में संघ और उसके 35 फ्रंटल संगठन अहम रहे। स्थानीय निकाय चुनावों में भी भाजपा, RSS और उसके सभी फ्रंटल संगठनों के साथ मिलकर और सक्रिय रूप से काम करेगी। भाजपा अपनी स्थानीय इकाइयों पर गठबंधन का दबाव नहीं डालेगी। हम स्थानीय निकाय पर विवेकाधिकार छोड़ देंगे।" हाल ही में फडणवीस ने भी कहा था कि सरकार निकाय चुनाव जल्द कराने की कोशिश कर रही है।

भाजपा 

अकेले चुनाव लड़ सकती है भाजपा

निकाय चुनावों के लिए महायुति और महा विकास अघाड़ी (MVA) की 6 पार्टियों ने संकेत दिया है कि वे अकेले ही चुनाव में उतर सकती हैं। भाजपा के सूत्रों ने कहा कि अतीत में निगम स्तर पर गठबंधन काम नहीं आया है। इस वजह से भाजपा अकेले ही मैदान में उतरेगी। विधानसभा चुनावों में अच्छे प्रदर्शन से भाजपा का मनोबल और बढ़ गया है। शिवसेना और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) में बंटवारे के बाद ये पहले निकाय चुनाव भी हैं।

निकाय चुनाव 

करीब 3 साल से नहीं हुए निकाय चुनाव

महाराष्ट्र में देश की सबसे अमीर बृहन्मुंबई नगर निगम (BMC) समेत 27 नगर निगमों के लिए चुनाव होना हैं। 2 नई निगमों- इच्छालकरंजी और जालना में भी पहली बार चुनाव होंगे। राज्य में पिछले पौने 3 साल से स्थानीय निकायों के चुनाव नहीं हुए हैं, क्योंकि आरक्षण को लेकर मामला सुप्रीम कोर्ट में विचाराधीन है। जनवरी, 2025 में मामले की अगली सुनवाई होनी है। माना जा रहा है कि इसमें कुछ फैसला आ सकता है।

पिछले चुनाव

क्या रहे थे पिछले चुनावों के नतीजे?

2015 और 2018 के बीच हुए पिछले चुनावों में अविभाजित शिवसेना ने मुंबई, ठाणे, पिंपरी-चिंचवड़, कल्याण-डोंबिवली, नासिक समेत 27 में से 17 निगमों में जीत दर्ज की थी। भाजपा को शिवसेना के समर्थन से नागपुर, पुणे, सोलापुर, मीरा-भयंदर, धुले, चंद्रपुर में जीत मिली थी। कांग्रेस और अविभाजित NCP ने नवी मुंबई, कोल्हापुर, परभणी और मालेगांव में जीत दर्ज की थी। BMC में भाजपा ने 82 और शिवसेना ने 84 वार्ड में जीत दर्ज की थी।