
मोहन भागवत बोले- 75 की उम्र में रिटायर हो नेता; मोदी के भविष्य पर चर्चा शुरू
क्या है खबर?
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के प्रमुख मोहन भागवत ने 75 साल की उम्र में नेताओं को रिटायरमेंट लेने की बात कहकर एक नई बहस छेड़ दी है। उन्होंने नागपुर में एक कार्यक्रम में कहा कि नेताओं को 75 साल की उम्र में रिटायर हो जाना चाहिए और दूसरों के लिए रास्ता बनाना चाहिए। भागवत के बयान से विपक्ष ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भविष्य को लेकर अटकलें लगाना शुरू कर दी है। मोदी सितंबर में 75 वर्ष के हो जाएंगे।
बयान
भागवत ने क्या कहा?
नागपुर में दिवंगत RSS विचारक मोरोपंत पिंगले को समर्पित एक पुस्तक विमोचन में भागवत ने कहा, "जब आप 75 वर्ष के हो जाते हैं, तो इसका मतलब है कि आपको रुक जाना चाहिए और दूसरों के लिए रास्ता बनाना चाहिए।" पिंगले के शब्दों को याद कर वे बोले, "पिंगले ने कहा था कि अगर आपको 75 वर्ष की शॉल ओढ़ाई जाए, तो इसका मतलब है कि आपको अब रुक जाना चाहिए, आप बूढ़े हो गए हैं, दूसरों को आने दें।"
विपक्ष
विपक्ष को मिला मौका
भागवत के बयान के बाद विपक्ष मोदी के भविष्य को लेकर अटकलें लगा रहा है। शिवसेना (उद्धव गुट) सांसद संजय राउत ने कहा कि मोदी ने लालकृष्ण आडवाणी, मुरली मनोहर जोशी और जसवंत सिंह को सेवानिवृत्त होने के लिए मजबूर किया, क्या अब खुद पर यही नियम लागू करेंगे? कांग्रेस नेता अभिषेक मनु सिंघवी ने कहा, "यह सिद्धांतहीन है कि मार्गदर्शक मंडल को अनिवार्य सेवानिवृत्ति दी गई, लेकिन संकेत स्पष्ट हैं कि वर्तमान व्यवस्था को इस नियम से छूट मिलेगी।"
जन्मदिन
मोदी के रिटायरमेंट की बात को नकार चुकी है भाजपा
पहले भी मोदी की उम्र और उनके रिटायरमेंट को लेकर बहस छिड़ी है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने 2023 में कहा था कि नरेंद्र मोदी 2029 तक नेतृत्व करते रहेंगे और सेवानिवृत्ति की अफवाहों में कोई सच्चाई नहीं है। दो दिन पहले शाह ने एक कार्यक्रम में अपनी रिटायरमेंट की योजना बताई थी और कहा था कि वे सेवानिवृत्ति के बाद वेद, उपनिषद और जैविक खेती को समय देंगे। शाह अप्रैल में 60 वर्ष के हो गए हैं।
जानकारी
भागवत और मोदी दोनों साथ में होंगे 75 साल के
मोहन भागवत और नरेंद्र मोदी दोनों का जन्म साल और महीना एक है। दोनों जन्म सितंबर 1950 में हुआ है। ऐसे में आने वाले सितंबर में दोनों प्रमुख नेताओं की उम्र 75 साल की हो जाएगी। ऐसे में भागवत के सेवानिवृत्ति की भी संभावना है।