रिपोर्ट में दावा- मतदाता सूची में नहीं जोड़े जा रहे युवा वोटर; कांग्रेस ने साधा निशाना
क्या है खबर?
चुनाव आयोग में कथित मतभेदों की खबर के बीच एक रिपोर्ट में दावा किया गया है कि मतदाता सूची के विशेष सालाना रिविजन (SSR) की प्रक्रिया अटक गई है। रिपोर्ट में कहा गया है कि यह प्रक्रिया 2024 से रुकी हुई है। SSR के जरिए 18 साल के होने पर युवाओं के नाम मतदाता सूची में जोड़े जाते हैं। रिपोर्ट सामने आने के बाद कांग्रेस ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा है।
रिपोर्ट
2024 से रुकी हुई SSR की प्रक्रिया- रिपोर्ट
इकोनॉमिक टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार, 2024 के बाद से मतदाता सूची के SSR की प्रक्रिया रुकी हुई है।
रिपोर्ट में कहा गया है कि 2026-27 के लिए SSR की घोषणा मई-जून में होनी थी, लेकिन अब तक प्रक्रिया शुरू नहीं हुई है। कथित तौर पर मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार और 2 चुनाव आयुक्तों के बीच आम सहमति न बन पाने की वजह से यह समय-सीमा निकल चुकी है।
परंपरा
1958 से लगातार हो रहा था SSR
रिपोर्ट के मुताबिक, 2024 में आखिरी बार SSR हुआ था। इसके अगले साल यानी 2025 में बिहार में विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR का काम शुरू किया गया। बाद में ये प्रक्रिया कई और राज्यों में हुई।
इस बीच SSR जो 1958 से चली आ रही परंपरा है, 2025-26 में शुरू नहीं की गई।
रिपोर्ट में कहा गया है कि लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1950 की धारा 21 के तहत ये एक अनिवार्य प्रक्रिया है।
कानूनी राय
रिपोर्ट में दावा- मतभेद के चलते CEC ने मांगी कानूनी राय
रिपोर्ट में कहा गया है कि गतिरोध बढ़ने पर CEC ज्ञानेश ने इस साल की शुरुआत में इस मामले पर कानूनी राय मांगी थी कि क्या चल रहे SIR के बीच SSR की जरूरत है।
कानूनी सलाह मिलने के बाद दोनों चुनाव आयुक्तों ने SSR को फिर से शुरू करने की जरूरत पर अपना रुख साफ किया था। दोनों ने SSR का पुरजोर समर्थन किया और इसे फिर से शुरू करने की बात कही।
कांग्रेस
कांग्रेस बोली- प्रधानमंत्री युवाओं से डरते हैं
रिपोर्ट पर कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने कहा, 'एक प्रधानमंत्री हैं जिन्होंने 2024 से मतदाता सूची में SSR को रुकवा दिया है, ताकि जेन जी के मतदाता लिस्ट में शामिल न हो सकें। ये वो प्रधानमंत्री हैं जो युवाओं से डरते हैं, क्योंकि उन्होंने उनकी उम्मीदों और आकांक्षाओं को तोड़ा है। एक प्रधानमंत्री ने जेन जी को वोट का अधिकार दिया, जबकि दूसरे प्रधानमंत्री इसे गलत तरीकों से छीनने पर आमादा हैं।'
SSR
अब SSR के बारे में जानिए
SSR मतदाता सूची को अपडेट करने और नए मतदाताओं को जोड़ने की नियमित और सालाना प्रक्रिया है। आमतौर पर इसकी घोषणा हर साल मई में की जाती है।
इस प्रक्रिया के जरिए उन लोगों के नाम मतदाता सूची में जोड़े जाते हैं, जिन्होंने हाल ही में 18 साल की उम्र पूरी कर ली है।
पात्र मतदाता हर साल 1 जनवरी, 1 अप्रैल, 1 जुलाई और 1 अक्टूबर को इसके लिए आवेदन कर सकते हैं।