Loading...
राजनाथ सिंह बोले- छात्रों को राजनीतिक हथियार बनाया जा रहा, संसद में चर्चा करें
राजनाथ सिंह ने विपक्ष पर युवाओं को भड़काने के आरोप लगाए हैं

राजनाथ सिंह बोले- छात्रों को राजनीतिक हथियार बनाया जा रहा, संसद में चर्चा करें

लेखन आबिद खान
Jul 22, 2026
04:16 pm

क्या है खबर?

देशभर में पेपर लीक को लेकर चल रहे विवाद के बीच रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने विपक्ष पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है कि कुछ लोग देश के छात्रों और युवाओं का इस्तेमाल अपने राजनीतिक हथियार के रूप में कर रहे हैं। उन्होंने इसे छात्रों को भटकाने का एक असफल प्रयास करार दिया। राजनाथ ने भरोसा जताया कि देश का युवा ऐसी चालों को अच्छी तरह समझता है।

बयान

राजनाथ ने कहा- युवाओं का राजनीतिक इस्तेमाल दुर्भाग्यपूर्ण

राजनाथ ने कहा, "दिल्ली में जारी विरोध-प्रदर्शन गंभीर चिंता का विषय हैं। यह अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है कि हमारे देश के छात्रों और युवाओं को कुछ लोग अपने राजनीतिक स्वार्थों की पूर्ति के लिए एक राजनीतिक औजार के रूप में इस्तेमाल करने का प्रयास कर रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हमारी सरकार विद्यार्थियों और युवाओं की आकांक्षाओं को पूरा करने और उनके कल्याण के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है।"

टिप्पणी

राजनाथ बोले- छात्रों की हर चिंता का समाधान हमारी जिम्मेदारी

राजनाथ ने कहा, "छात्रों की हर चिंता को सुनना और उसका समाधान करना हमारी जिम्मेदारी है। मुझे विश्वास है कि जागरूक, परिपक्व और विवेकशील युवा ऐसे भ्रामक प्रयासों को समझते हैं और वे प्रगति, विकास तथा राष्ट्रनिर्माण के मार्ग को चुनेंगे। हम इस बात के लिए प्रतिबद्ध हैं कि हमारे छात्रों और युवाओं के साथ किसी भी प्रकार का अन्याय न हो। विपक्ष के कुछ नेताओं द्वारा कृत्रिम गुस्सा हमारे युवाओं को भ्रमित और गुमराह करने का असफल प्रयास है।"

ADVERTISEMENT

संसद

संसद में चर्चा करें- राजनाथ

राजनाथ ने आगे कहा, "लोकतंत्र में संसद भवन मुद्दों पर चर्चा का स्थान है, जहां विपक्ष को अपने विचार व्यक्त करने की स्वतंत्रता है। इसलिए अगर विपक्ष गंभीर है, तो उसे चल रहे मानसून सत्र के सुचारू संचालन में बाधा नहीं डालनी चाहिए और संसद के भीतर सभी मुद्दों पर देश का ध्यान आकर्षित करना चाहिए।"

राजनाथ ने आरोप लगाए कि विपक्ष संसद में नहीं, बल्कि सड़क पर मुद्दों का समाधान करने का अनुचित प्रयास कर रहा है।

ADVERTISEMENT

घटनाक्रम

प्रदर्शन से जुड़े आज के बड़े घटनाक्रम

कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने सरकार को जंतर-मंतर या किसी तटस्थ जगह पर वार्ता के लिए बुलाया है।

संसद में विपक्षी सांसद काले कपड़े पहनकर पहुंचे।

हंगामे के चलते लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही कल तक के लिए स्थगित कर दी गई।

केंद्र सरकार ने दिल्ली में CRPF की 20 कंपनियां तैनात करने का आदेश दिया है। इन्हें पश्चिम बंगाल से एयरलिफ्ट कर लाया जा रहा है।

दिल्ली मेट्रो के 16 स्टेशन आज बंद कर दिए गए हैं।

ADVERTISEMENT