राहुल गांधी बोले- 10 साल में 152 पेपर लीक हुए, किसी को भी सजा नहीं हुई
क्या है खबर?
दिल्ली में हो रहे प्रदर्शन के बीच कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने प्रेस वार्ता की है। उन्होंने छात्रों पर हुए लाठीचार्ज के वीडियो दिखाते हुए पूछा कि ये क्यों हो रहा है। उन्होंने कहा, "ऐसा आखिर छात्रों ने क्या गलत किया है। वे शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे हैं। वे अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं। कोई अपराध नहीं कर रहे हैं। उनकी मांग है कि हम ऐसी शिक्षा प्रणाली चाहते हैं जो काम करती हो।"
बयान
राहुल बोले- 7 करोड़ छात्रों के परिवार पेपर लीक से प्रभावित
राहुल ने कहा, "7 करोड़ छात्रों के परिवार इससे प्रभावित हुए हैं। उन्होंने अपनी गाढ़ी कमाई इसमें लगाई। बीते 10 सालों में 152 पेपर लीक हुए और कोई दोषी नहीं पाया गया। ये हमारी शिक्षा प्रणाली को नष्ट कर रहे हैं और सरकार कुछ नहीं कर रही। ये बिल्कुल वाजिब वजह है क्यों हमारे युवा प्रदर्शन कर रहे हैं। साथ ही हमारी शिक्षा प्रणाली पहुंच से बाहर हो गई है। ये सबको पता है बस सरकार को नहीं।"
मांग
राहुल बोले- प्रधानमंत्री मोदी छात्रों से माफी मांगे
राहुल ने कहा, "छात्रों की सबसे पहली मांग है कि धर्मेंद्र प्रधान जो कि शिक्षा मंत्री के तौर पर विफल हो गए हैं, उनका इस्तीफा लिया जाए। उन्होंने बता दिया कि वे मंत्रालय संभालने के काबिल नहीं है। दूसरी मांग है कि छात्रों पर लाठी चलाने वाले हर शख्स की जिम्मेदारी तय की जाए। तीसरी मांग है कि इस पूरी व्यवस्था को संभालने वाले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी छात्रों से माफी मांगे।"
बड़ी बातें
राहुल की प्रेस वार्ता की बड़ी बातें
जितना पैसा सरकार हर साल शिक्षा बजट पर खर्च करती है, उतना पैसा एक NEET परीक्षा के लिए हर साल परिवार खर्च करते हैं। ये देश के हर परिवार का अपमान है।
ये सब मध्यम वर्गीय लोग हैं, ये अमीर लोगों की समस्या नहीं है।
सरकार ने उत्पादन, नौकरी, आन्त्रप्रन्योर और पब्लिक सेक्टर के दरवाजे बंद कर दिए हैं, केवल सरकारी नौकरी का खुला है। उसमें भी जिसकी जान-पहचान होगी वो ही घुसेगा।
समर्थन
हम पूरी तरह छात्रों के साथ- राहुल
राहुल ने कहा, "हम 100 प्रतिशत छात्रों के साथ खड़े हैं। हम पूरी तरह उनके साथ हैं। एक तरफ छात्र हैं और उनका भविष्य है। वे चाहते हैं कि बात उनके मुद्दों पर रहे। वे पेपर लीक, शिक्षा और हिंसा पर ध्यान चाहते हैं। मैं और पूरा विपक्ष भी यही चाहता है। दूसरी तरफ भड़काव है। एक बल ध्यान भटका रहा है और दूसरा ध्यान केंद्रित करने की कोशिश कर रहा है।"