Page Loader
पंजाब: संगरूर के लोकसभा सांसद ने भगत सिंह को 'आतंकवादी' बताया, हो रही निंदा
भगत सिंह और सिमरनजीत सिंह मान

पंजाब: संगरूर के लोकसभा सांसद ने भगत सिंह को 'आतंकवादी' बताया, हो रही निंदा

Jul 16, 2022
10:31 am

क्या है खबर?

पंजाब के संगरूर से लोकसभा सांसद सिमरनजीत सिंह मान ने भगत सिंह को लेकर विवादित बयान दिया है। हाल ही में संगरूर सीट से जीत हासिल करने वाले शिरोमणि अकाली दल (अमृतसर) के प्रमुख और सांसद मान ने भगत सिंह को 'आतंकवादी' करार दिया है। बता दें कि पंजाब की राजनीति में मान एक विवादित शख्सियत रहे हैं और उन्होंने अपनी जीत को जरनैल सिंह भिंडरावाले को समर्पित की थी। आइये यह खबर विस्तार से जानते हैं।

बयान

भगत सिंह को लेकर मान ने दिया यह बयान

लोकसभा सांसद मान ने कहा, "भगत सिंह ने एक युवा अंग्रेज नौसेना अधिकारी को मारा था। उसने एक अमृतधारी सिख कॉन्स्टेबल चन्नन सिंह की हत्या की थी। उस वक्त सिंह ने नेशनल असेंबली पर बम फेंका था। अब आप बताइये कि भगत सिंह आतंकवादी था या नहीं।" उनके इस बयान के बाद विवाद खड़ा हो गया है और पंजाब में सरकार चला रही आम आदमी पार्टी (AAP) ने उनसे इस बयान के लिए माफी की मांग की है।

निंदा

AAP ने की बयान की निंदा

AAP ने मान के इस बयान को शर्मनाक और दयनीय बताया है। पार्टी ने ट्वीटर पर लिखा कि क्रांतिकारी स्वतंत्रता सेनानी भगत सिंह को 'आतंकवादी' बताना अपमानजनक है। पंजाबी भगत सिंह की विचारधारा से जुड़े हुए हैं और पार्टी इस गैर-जिम्मेदाराना टिप्पणी की कड़ी निंदा करती है। वहीं AAP के राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा ने लिखा कि भगत सिंह एक हीरो, एक देशभक्त, एक क्रांतिकारी और इस मिट्टी के सच्चे सपूत थे।

प्रतिक्रिया

पूर्व उप मुख्यमंत्री ने भी की टिप्पणी की निंदा

पंजाब के पूर्व उप मुख्यमंत्री सुखजिंदर सिंह रंधावा ने भी संगरूर सांसद के इस बयान की निंदा की है। उन्होंने ट्वीट किया कि देश की आजादी के लिए लड़ने और अपना जीवन कुर्बान करने वाले भगत सिंह को आज आतंकवादी बुलाया जा रहा है। सिमरनजीत मान को उन लोगों के बीच फर्क करना सीखना चाहिए, जिन्होंने देश के लिए जान और जिन्होंने देश के खिलाफ अपनी जान दी। कई अन्य नेताओं ने भी इस टिप्पणी को गलत बताया है।

जानकारी

AAP के गढ़ से जीते हैं मान

लोकसभा उपचुनाव में जीत हासिल करने के बाद मान ने कहा था कि वो 'कश्मीर में भारतीय सेना के अत्याचारों' का मामला संसद में उठाएंगे। इसके अलावा उन्होंने 'बिहार और छत्तीसगढ़ में नक्सली बताकर आदिवासी लोगों की हत्या' का मामला भी संसद में उठाने की बात कही थी। बता दें कि AAP के मजबूत गढ़ माने जाने वाले संगरूर से मान ने AAP उम्मीदवार को हराकर ही उपचुनाव में जीत हासिल की थी।