संसद में अमेरिकी व्यापार समझौते पर पीयूष गोयल बोले- भारत ने संवेदनशील क्षेत्रों की रक्षा की
क्या है खबर?
संसद के बजट सत्र के दौरान केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने लोकसभा में अमेरिका के साथ व्यापार समझौते पर जानकारी दी। उन्होंने कहा कि भारत और अमेरिका ने आर्थिक हितों और संवेदनशील सेक्टरों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए कई द्विपक्षीय बातचीत हुई हैं। उन्होंने कहा, "भारत ने अपने संवेदनशील सेक्टरों, जिसमें कृषि, डेयरी और अन्य शामिल हैं, की सुरक्षा की है, जबकि अमेरिका ने भी अपने अहम क्षेत्रों की सुरक्षा की है।"
बयान
गोयल ने कहा- किसानों और दूध उत्पादकों के हितों से समझौता नहीं
गोयल ने कहा, "भारत-अमेरिका व्यापार समझौते में भारतीय पक्ष संवेदनशील सेक्टरों खासकर कृषि और डेयरी की सुरक्षा करने में सफल रहा है। सरकार ने यह सुनिश्चित किया कि किसानों और दूध उत्पादकों के हितों से कोई समझौता न हो। अमेरिका के साथ समझौते पर बातचीत करते समय राष्ट्रीय प्राथमिकताओं को ध्यान में रखा गया था।" उन्होंने कहा कि भारत और अमेरिका काफी हद तक पूरक अर्थव्यवस्थाएं हैं और भविष्य के व्यापार अवसरों से लाभ उठा सकते हैं।
संबोधन
गोयल के संबोधन की अहम बातें
यह समझौता भारत के निर्यातकों के हित में है। इसमें MSME, उद्योग, छोटे-बड़े कारोबारियों को ध्यान रखा गया है। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बीच हाल ही में हुई फोन पर बातचीत के बाद ट्रंप ने भारत पर टैरिफ कम करने का फैसला किया। सरकार की सबसे बड़ी प्राथमिकता 140 करोड़ भारतीयों की ऊर्जा सुरक्षा सुनिश्चित करना है। केंद्र ने बार-बार अपनी स्थिति स्पष्ट की है और देश की ऊर्जा जरूरतों की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है।
अखिलेश का बयान
अखिलेश यादव बोले- अमेरिका से समझौता 'डील' नहीं 'ढील'
समाजवादी पार्टी के अखिलेश यादव ने कहा, "सरकार ने पूरा भारतीय बाजार अमेरिका के हवाले कर दिया। अगर अमेरिका से डेयरी उत्पाद आएंगे तो सनातनियों का व्रत कैसे सनातनी रहेगा। जब नेता प्रतिपक्ष और अन्य पार्टियां चीन पर चर्चा चाहते हैं, तब भाजपा पीछे हट जाती है। चीन के साथ संबंध समय-समय पर अच्छे और खराब रहे हैं। हमने अपनी जमीन खोई है। देश को यह जानने का हक है कि इस पर सशस्त्र बलों की क्या राय है।"
हंगामा
संसद में फिर हंगामा, 2 बार कार्यवाही स्थगित
आज सदन की कार्यवाही शुरू होते ही अमेरिका-भारत समझौते पर विपक्षी सांसद हंगामा करने लगे। इसके बाद स्पीकर ने सदन की मर्यादा का ध्यान रखने का आग्रह किया। फिर कार्यवाही दोपहर 12 बजे तक स्थगित कर दी। 12 बजे गोयल ने संबोधन शुरू किया। इस दौरान भी हंगामा होता रहा। फिर स्पीकर ने कार्यवाही 2 बजे तक स्थगित कर दी। बता दें कि बजट सत्र का आज छठा दिन है।