Page Loader
INDIA बनाम NDA: विपक्ष के गठबंधन का नाम INDIA रखा गया 
विपक्ष के गठबंधन को मिला नया नाम

INDIA बनाम NDA: विपक्ष के गठबंधन का नाम INDIA रखा गया 

Jul 18, 2023
06:42 pm

क्या है खबर?

बेंगलुरू में कांग्रेस समेत 26 विपक्षी पार्टियों के नेताओं की बैठक के दौरान विपक्ष के गठबंधन का नया नाम तय हो गया है। सभी पार्टियों ने विपक्ष के गठबंधन का नाम इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायन्स (INDIA) या भारतीय राष्ट्रीय विकासात्मक समावेशी गठबंधन रखने पर सहमति जताई है। कांग्रेस के नेतृत्व वाले संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (UPA) में अन्य पार्टियों के शामिल होने के बाद नाम बदलने को लेकर अटकलें तेज हो गई थीं।

नाम 

काफी चर्चा के बाद तय किया गया नाम 

विपक्षी पार्टियों ने बैठक के दौरान काफी विचार-विमर्श के बाद गठबंधन के नाम पर सहमति दी। NDTV के मुताबिक, वामपंथी पार्टियां चाहती हैं कि 'गठबंधन' शब्द को बदलकर 'मोर्चा' कर दिया जाए, जबकि कुछ पार्टियां गठबंधन के नाम में 'NDA' शब्द को लेकर ज्यादा उत्सुक नहीं थीं। बतौर रिपोर्ट्स, महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने एक ऐसे नाम पर जोर दिया था, जिसमें 'विपक्ष' शब्द का कोई जिक्र नहीं हो।

बैठक 

मुंबई में होगी विपक्ष की अगली बैठक- खड़गे 

कांग्रेस के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने बैठक के बाद कहा कि विपक्ष की अगली बैठक मुंबई में होगी, जिसकी तारीख की घोषणा जल्द की जाएगी। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव को लेकर 11 सदस्यीय समन्वय समिति का गठन किया जाएगा और समिति के सदस्यों के नामों की घोषणा मुंबई में की जाएगी। खड़गे ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पूरे मीडिया पर कब्जा कर लिया है और उनके इशारे के बिना कोई नहीं चलता है।

बयान 

राहुल ने रखा था नए नाम का प्रस्ताव- NCP नेता 

राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) के नेता डॉक्टर जितेंद्र अहवाद ने बताया कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने विपक्ष के गठबंधन का नाम INDIA रखने का प्रस्ताव रखा था। उन्होंने ट्वीट किया, 'बैठक के दौरान राहुल की रचनात्म्कता को काफी सराहा गया। सभी पार्टियों ने इस पर अपनी मंजूरी दी और आगामी लोकसभा चुनाव INDIA के नाम से लड़ने का फैसला किया। आइए भारत के विचार को बचाएं, आइए भारत के लोकतंत्र को बचाएं।'

बयान 

ममता बोलीं- क्या INDIA को चुनौती दे पाएगी NDA? 

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने केंद्र में सत्तारूढ़ राष्ट्रीय लोकतांत्रिक गठबंधन (NDA) पर निशाना साधा। उन्होंने कहा, "क्या भाजपा और NDA हमारे INDIA को चुनौती दे पाएंगे? क्या अन्य लोग INDIA को चुनौती दे पाएंगे? हम लोग अपने देश से प्यार करते हैं।" दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि सभी पार्टियां नए भारत का सपना लेकर एक साथ आई हैं और हम देश को नफरत से बचाना चाहते हैं।

बैठक 

बेंगलुरू में हुई विपक्ष की दूसरी बैठक 

बता दें कि बेंगलुरू में विपक्ष की दूसरी बैठक हुई, जिसमें कांग्रेस, आम आदमी पार्टी (AAP), तृणमूल कांग्रेस (TMC) समेत 26 पार्टियों के नेता शामिल हुए। इन सभी पार्टियों ने अगले साल होने वाले लोकसभा चुनाव में भाजपा को हराने के लिए रणनीति तैयार करने पर चर्चा की। बैठक में कई राज्यों के मुख्यमंत्री भी शामिल हो रहे हैं, जिनमें अरविंद केजरीवाल, ममता बनर्जी और नीतीश कुमार शामिल हैं। विपक्ष की पहली बैठक पटना में हुई थी।