Page Loader
#NewsBytesExplainer: विपक्षी गठबंधन INDIA की मुंबई बैठक में किन-किन अहम मुद्दों पर हो सकता है फैसला?
गुरुवार से मुंबई में INDIA गठबंधन की तीसरी बैठक होनी है

#NewsBytesExplainer: विपक्षी गठबंधन INDIA की मुंबई बैठक में किन-किन अहम मुद्दों पर हो सकता है फैसला?

लेखन आबिद खान
Aug 30, 2023
06:47 pm

क्या है खबर?

विपक्षी गठबंधन INDIA की तीसरी बैठक कल से मुंबई में होनी है। 2 दिन चलने वाली इस बैठक के लिए कई बड़े नेता मुंबई पहुंच चुके हैं। बैठक में गठबंधन के लोगो, झंडे, संयोजक, सीटों के बंटवारे और नई पार्टियों के शामिल होने पर चर्चा हो सकती है। 26 पार्टियों के करीब 80 नेता इसमें जुटेंगे और आगे की रणनीति पर बातचीत करेंगे। आइए विस्तार में जानते हैं कि बैठक में किन-किन मुद्दों पर चर्चा हो सकती है।

शेड्यूल

सबसे पहले बैठक का कार्यक्रम जानिए

31 अगस्त और 1 सितंबर को ग्रैंड हयात होटल में यह बैठक होगी। 31 अगस्त को शाम 6 बजे प्रतिनिधियों का स्वागत किया जाएगा। शाम 6.30 बजे अनौपचारिक बैठक होगी। रात 8 बजे उद्धव ठाकरे की ओर से रात्रिभोज का आयोजन होगा। अगले दिन 1 सितंबर को सुबह 10.15 बजे ग्रुप फोटो के लिए नेता जुटेंगे। सुबह 10.30 से दोपहर 2 बजे तक लोगो का अनावरण और बैठक होगी। दोपहर 2 बजे लंच और 3.30 बजे संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस होगी।

लोगो

बैठक में किन मुद्दों पर हो सकता है फैसला?

बैठक में INDIA गठबंधन का लोगो जारी किया जाएगा। इसके अलावा खबर है कि गठबंधन का झंडा भी जारी किया जा सकता है। ये झंडा भारत के तिरंगे से मिलता-जुलता हो सकता है। इसका इस्तेमाल गठबंधन के प्रचार, बैठक और संयुक्त रैलियों में किया जाएगा। रिपोर्ट के मुताबिक, तिरंगे में से अशोक चक्र को हटाकर तीन रंगों को ही गठबंधन का झंडा बनाया जा सकता है। बैठक में इस पर भी चर्चा हो सकती है।

सीट

सीट बंटवारे पर क्या हो सकता है?

नीतीश कुमार कह चुके हैं कि बैठक में सीट बंटवारे जैसे मुद्दों पर भी चर्चा होगी। रिपोर्ट्स के मुताबिक, ओडिशा, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश और उत्तर-पूर्व को छोड़कर करीब 450 ऐसी लोकसभा सीटों की पहचान हो चुकी है, जहां INDIA की ओर से एक ही उम्मीदवार चुनाव लड़ेगा। बैठक में इसकी रणनीति को और स्पष्ट किया जा सकता है। खबर है कि जहां भाजपा का सीधा मुकाबला किसी एक विपक्षी पार्टी से है, वहां दूसरी पार्टियां उम्मीदवार नहीं उतारेगी।

संयोजक

संयोजक को लेकर भी हो सकता है फैसला

हाल ही में नीतीश ने INDIA का संयोजक बनने से इनकार कर दिया था। अब खबर है कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को संयोजक बनाया जा सकता है। हालांकि, कुछ रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि संयोजक को लेकर खींचतान के बाद अब इस पद की जगह एक समिति का गठन किया जाएगा। इस समिति में अहम विपक्षी पार्टियों के 11 प्रतिनिधि सदस्य होंगे, जो महत्वपूर्ण फैसले लेंगे।

नेता

बैठक में कौन-कौन शामिल होगा?

बैठक में शामिल होने के लिए लालू प्रसाद यादव और उनके बेटे तेजस्वी यादव मुंबई पहुंच चुके हैं। इसके अलावा नीतीश, ममता बनर्जी, अरविंद केजरीवाल, एमके स्टालिन और हेमंत सोरेन समेत 5 राज्यों के मुख्यमंत्री भी इसमें शामिल होंगे। 26 पार्टियों के करीब 80 नेताओं के मुंबई पहुंचने की उम्मीद है। इस बैठक की मेजबानी शिवसेना (उद्धव ठाकरे गुट) कर रहा है। सोनिया गांधी भी बैठक में शामिल हो सकती हैं।

दल

INDIA में अभी कौन-सी पार्टियां?

INDIA गठबंधन में फिलहाल 26 पार्टियां शामिल हैं। इनमें कांग्रेस, तृणमूल कांग्रेस (TMC), द्रविड़ मुन्नेत्र कड़गम (DMK), आम आदमी पार्टी (AAP), जनता दल यूनाइटेड (JDU), राष्ट्रीय जनता दल (RJD), झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM), राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरद गुट), शिवसेना (उद्वव गुट), समाजवादी पार्टी (SP), नेशनल कॉन्फ्रेंस. पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (PDP), भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी मार्क्सवादी (CPM), भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (CPI), राष्ट्रीय लोक दल (RLD), केरल कांग्रेस (जोसेफ) और केरल कांग्रेस (मणि) समेत कई क्षेत्रीय पार्टियां भी हैं।

पार्टियां

क्या बैठक में नई पार्टियां भी शामिल हो सकती हैं?

नीतीश का दावा है कि मुंबई बैठक के दौरान गठबंधन में कुछ नई पार्टियां शामिल हो सकती हैं। कांग्रेस के प्रवक्ता आलोक शर्मा ने भी दावा किया कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) की कई पार्टियां उनके संपर्क में हैं। असम की ऑल इंडिया यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (AIUDF) के बदरुद्दीन अजमल ने कुछ महीनों पहले नीतीश और तेजस्वी यादव से मुलाकात की थी। खबर है कि AIUDF गठबंधन में शामिल हो सकती है।