Page Loader
हमारी सरकार बनी तो बाइक पर तीन सवारियों का नहीं होगा चालान- ओपी राजभर
हमारी सरकार बनी तो बाइक पर तीन सवारियों का नहीं होगा चालान- ओपी राजभर

हमारी सरकार बनी तो बाइक पर तीन सवारियों का नहीं होगा चालान- ओपी राजभर

Feb 09, 2022
04:06 pm

क्या है खबर?

हर बार चुनाव से पहले कई नेता लोकलुभावन और अजीब वादे करते हैं। बुधवार को सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (SBSP) के प्रमुख ओमप्रकाश राजभर ने भी ऐसा ही एक अजीब वादा किया है। उन्होंने कहा कि अगर उनकी पार्टी सत्ता में आती है तो बाइक पर तीन सवारियां आराम से जा सकेंगी और उनका चालान नहीं किया जाएगा। बता दें कि राजभर की पार्टी अखिलेश यादव की समाजवादी पार्टी (सपा) के साथ मिलकर उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव लड़ रही है।

बयान

राजभर ने क्या कहा?

वाराणसी में पत्रकारों से बात करते हुए राजभर ने कहा कि ट्रेन में 70 सीट होती हैं, लेकिन 300 आदमी डिब्बे में बैठते हैं और फिर भी ट्रेन का चालान नहीं होता। जीप में नौ सवारियां पास होती है, लेकिन 22 लोग चलते हैं और उस पर भी चालान नहीं होता। उन्होंने आगे कहा कि बाइक पर दो सवारी पास है और अगर गलती से तीन लोग बैठ गए तो पुलिस उनका चालान कर देती है।

बयान

हमारी सरकार बनी तो तीन सवारियों का नहीं होगा चालान- राजभर

राजभर ने कहा कि कई मामलों में पुलिसवाले भी तीन सवारियां लेकर बाइक पर चलते हैं, लेकिन उनका चालान नहीं होता। उन्होंन वादा किया कि उनकी सरकार आने पर बाइक पर तीन सवारियां जा सकेंगी और उनका चालान नहीं होगा।

ट्विटर पोस्ट

यहां सुनिये राजभर का बयान

जानकारी

बयानों के कारण चर्चा में रहते हैं राजभर

एक मौके पर भाजपा के सहयोगी और योगी सरकार में मंत्री रहे ओमप्रकाश राजभर ने विधानसभा चुनाव से पहले अखिलेश यादव के साथ हाथ मिलाया है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा दलितों और पिछड़ों का सम्मान नहीं करती और बढ़ती बेरोजगारी के बीच नौकरियां मांग रहे छात्रों पर अत्याचार किया है। अकसर अपने बयानों के जरिये चर्चा में रहने वाले राजभर ने हाल ही में दावा किया था कि भाजपा में शामिल हुईं अपर्णा यादव सपा में लौटना चाहती हैं।

विधानसभा चुनाव

उत्तर प्रदेश में कल पहले चरण का मतदान

चुनाव आयोग की ओर से घोषित कार्यक्रम के अनुसार उत्तर प्रदेश में सात चरणों में चुनाव होंगे। इसके तहत कल यानी 10 फरवरी को पहले चरण का मतदान होगा। इसके बाद 14 फरवरी, 20 फरवरी, 23 फरवरी, 27 फरवरी, 3 मार्च और 7 मार्च को वोट डाले जाएंगे। उत्तर प्रदेश और चार अन्य राज्यों की मतगणना 10 मार्च को होगी और उसी दिन परिणाम घोषित किए जाएंगे। राज्य में भाजपा, कांग्रेस, सपा, बसपा समेत कई पार्टियां मैदान में हैं।

पिछले चुनावों के नतीजे

न्यूजबाइट्स प्लस (जानकारी)

उत्तर प्रदेश में विधानसभा की कुल 403 सीटें हैं। 2017 में भाजपा और उसकी सहयोगी पार्टियों ने 324 सीटें जीती थीं और राज्य में सरकार बनाई थी। समाजवादी पार्टी और कांग्रेस ने मिलकर चुनाव लड़ा था और 54 सीटें जीती थीं। इनमें से सपा ने 47 और कांग्रेस ने सात सीटें जीती थीं। वहीं बहुजन समाज पार्टी ने 19 सीटों पर जीत हासिल की थी। चुनाव बाद योगी आदित्यनाथ उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री बने थे।