LOADING...
TMC नेता विपक्ष की नियुक्ति को कोर्ट में चुनौती देगी, ममता की बैठक से फिर विधायक गायब
एक बार फिर ममता की बैठक से ज्यादातर नेताओं ने दूरी बना ली है

TMC नेता विपक्ष की नियुक्ति को कोर्ट में चुनौती देगी, ममता की बैठक से फिर विधायक गायब

लेखन आबिद खान
Jun 05, 2026
06:52 pm

क्या है खबर?

पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की परेशानियां बढ़ती जा रही हैं। पार्टी में चल रही बगावत के बीच आज उन्होंने अपने आवास पर विधायकों और सांसदों की बैठक बुलाई थी। इस बैठक से ज्यादातर नेताओं ने दूरी बना ली है। कहा जा रहा है कि केवल 8 विधायक और 6 सांसद ही ममता की बैठक में पहुंचे। वहीं, पार्टी ने विपक्ष के नेता की नियुक्ति को कोर्ट में चुनौती देने का फैसला किया है।

बैठक

बैठक में कौन-कौन शामिल हुआ?

समाचार एजेंसी ANI के मुताबिक, विधायकों में बीना मंडल, आशिमा पात्रा, मदन मित्रा, कुणाल घोष, फिरहाद हकीम, अशोक कुमार देब, बिमान बनर्जी और शोभनदेब चट्टोपाध्याय ही शामिल हुए। वहीं, सांसदों में डोला सेन, माला रॉय, कल्याण बनर्जी, अभिषेक बनर्जी, डेरेक ओ'ब्रायन और सुदीप बंद्योपाध्याय ने शिरकत की। बता दें कि TMC के पास 80 विधायक हैं। इनमें से 58 विधायकों ने ऋतब्रत बनर्जी के नेतृत्व में अलग गुट बना लिया है।

बयान

कल्याण बनर्जी बोले- सड़क और कोर्ट दोनों पर लड़ेंगे

TMC सांसद कल्याण बनर्जी ने कहा, "हमने तय किया है कि स्पीकर की ओर से नियुक्त विपक्ष के नेता का पद गैर-कानूनी है। हम इसके खिलाफ सोमवार को कोर्ट जाएंगे। हम हाई कोर्ट में याचिका दायर करेंगे। भाजपा जिस तरह से TMC कार्यकर्ताओं की हत्या कर रही है और उन पर झूठे मुकदमे दर्ज कर रही है, हम उसके खिलाफ लड़ेंगे। हम सड़कों पर भी लड़ेंगे और कोर्ट में भी।"

Advertisement

पिछली बैठक

पिछली बैठक में भी पहुंचे थे केवल 20 विधायक

इससे पहले ममता ने 31 मई को कालीघाट स्थित अपने आवास पर विधायकों की बैठक बुलाई थी। इस बैठक में पार्टी के 80 विधायकों में से केवल 20 ही पहुंचे और 60 गायब रहे। इसके बाद पार्टी ने कहा था कि विधायक TMC नेताओं पर हुए हमले के विरोध प्रदर्शन की तैयारियों में लगे थे, इसलिए बैठक में शामिल नहीं हुए। हालांकि, इसके अगले ही दिन ऋतब्रत के नेतृत्व में TMC में बगावत हो गई थी।

Advertisement