Page Loader
दिल्ली में कब होगा नए मुख्यमंत्री का शपथ ग्रहण समारोह? सामने आई अहम जानकारी
दिल्ली में शपथ ग्रहण को लेकर जानकारी सामने आई है

दिल्ली में कब होगा नए मुख्यमंत्री का शपथ ग्रहण समारोह? सामने आई अहम जानकारी

लेखन आबिद खान
Feb 09, 2025
12:59 pm

क्या है खबर?

दिल्ली विधानसभा चुनाव में जीत के बाद भाजपा अब सरकार बनाने की तैयारियों में जुट गई है। अभी मुख्यमंत्री का नाम तय नहीं हुआ है, लेकिन शपथ ग्रहण को लेकर बड़ी जानकारी सामने आई है। खबर है कि भाजपा ने मुख्यमंत्री का चयन करने से पहले शपथ ग्रहण की तारीख तय कर ली है। समारोह को भव्य बनाने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह समेत तमाम बड़े नेता मौजूद रहेंगे।

दौरा

प्रधानमंत्री के अमेरिका दौरे के बाद हो सकता है शपथ ग्रहण

रिपोर्ट्स के मुताबिक, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के फ्रांस और अमेरिका दौरे के बाद दिल्ली में शपथ ग्रहण समारोह हो सकता है। प्रधानमंत्री 10 फरवरी को फ्रांस और वहीं से 12 और 13 फरवरी को अमेरिका के दौरे पर रहेंगे। उनके आने के बाद शपथ ग्रहण समारोह होगा। जानकारी के मुताबिक, पार्टी एक भव्य समारोह आयोजित करेगी, जिसमें राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) के सभी बड़े नेताओं और मुख्यमंत्रियों को आमंत्रित किया जाएगा।

मुलाकात

उपराज्यपाल से मिले नवनिर्वाचित भाजपा विधायक

दिल्ली राज निवास में उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना के साथ भाजपा के नवनिर्वाचित विधायकों ने मुलाकात की। इस दौरान प्रवेश वर्मा, कैलाश गहलोत, अरविंदर सिंह लवली, राजकुमार चौहान मौजूद रहे। वहीं, दिल्ली भाजपा ने अपने सभी विधायकों की बैठक बुलाई है। ये बैठक शाम 5 बजे होगी, जिसमें दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा, प्रभारी बैजयंत पांडा और राष्ट्रीय संगठन मंत्री बीएल संतोष मौजूद रहेंगे। उपराज्यपाल ने विधानसभा भंग करने की अधिसूचना जारी कर दी है।

बैठक

मुख्यमंत्री को लेकर अमित शाह के घर बैठक

दिल्ली के अगले मुख्यमंत्री का नाम तय करने के लिए गृह मंत्री अमित शाह के घर बैठक हुई है। इसमें भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्‌डा भी मौजूद रहे। दिल्ली भाजपा के प्रभारी बैजयंत पांडा ने कहा कि 10-15 दिनों में दिल्ली को नया मुख्यमंत्री मिल जाएगा। इधर पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के आवास पर भी आम आदमी पार्टी (AAP) की बैठक हुई। इसमें संजय सिंह, गोपाल राय और संदीप पाठक समेत कई अन्य नेता मौजूद रहे।

नतीजे

दिल्ली में 27 साल बाद भाजपा की सरकार

दिल्ली चुनावों में भाजपा ने 47 और AAP ने 22 सीटें जीती हैं। कांग्रेस को पिछली बार की तरह इस बार भी एक भी सीट नहीं मिली है। AAP के कई बड़े नेता चुनाव हार गए हैं। पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया, मंत्री सत्येंद्र जैन, सौरभ भारद्वाज समेत कई नेताओं को हार का मुंह देखना पड़ा है। इसी के साथ 27 साल बाद भाजपा दिल्ली में सरकार बनाने जा रही है।