Page Loader
महाराष्ट्र में विधानसभा चुनाव साथ लडे़गा MVA, उद्धव बोले- हमारी लड़ाई अब शुरू हुई
महाराष्ट्र में MVA विधानसभा चुनाव भी साथ मिलकर लड़ेगा

महाराष्ट्र में विधानसभा चुनाव साथ लडे़गा MVA, उद्धव बोले- हमारी लड़ाई अब शुरू हुई

लेखन आबिद खान
Jun 15, 2024
03:48 pm

क्या है खबर?

महाराष्ट्र में लोकसभा चुनावों में सफलता से उत्साहित महाविकास अघाड़ी (MVA) के नेताओं ने आज एक बड़ा ऐलान किया है। MVA की संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में नेताओं ने कहा कि वे राज्य में आगामी विधानसभा चुनाव भी साथ मिलकर लड़ेंगे। इस बैठक में शरद पवार, उद्धव ठाकरे और पृथ्वीराज चव्हाण जैसे बड़े नेता शामिल हुए। इस दौरान शरद पवार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तंज कसते हुए उनका शुक्रिया अदा किया।

बयान

चव्हाण बोले- उम्मीद है विधानसभा चुनाव में भी समर्थन मिलेगा

चव्हाण ने कहा, "विधानसभा चुनाव को लेकर हमारी पहली बैठक हुई। इसमें हमने फैसला लिया है कि राज्य का आगामी विधानसभा चुनाव भी हम सभी एक साथ मिलकर लड़ेंगे।" उन्होंने कहा, "जिस तरह से लोगों ने लोकसभा चुनाव में हमें वोट दिया है, मुझे उम्मीद है कि विधानसभा चुनाव में भी हमें वैसा ही समर्थन मिलेगा। MVA महाराष्ट्र में विधानसभा चुनाव मिलकर लड़ेगी। लोकसभा चुनाव में देश का लोकतंत्र बचाने के लिए राज्य के लोगों ने वोट किया है।"

उद्धव

लोकसभा में जीत अंत नहीं, बल्कि शुरुआत- उद्धव 

उद्धव ठाकरे ने कहा, "हम महाराष्ट्र के लोगों के बहुत आभारी हैं। यह संविधान और लोकतंत्र को बचाने की लड़ाई थी। जल्द ही विधानसभा चुनाव आने वाले हैं। यह सरकार नरेंद्र मोदी की सरकार थी और अब यह राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) की सरकार बन गई है। अब देखना यह है कि यह सरकार कितने दिन चलती है।" उन्होंने कहा, "लोकसभा चुनाव की जीत MVA के लिए अंत नहीं, बल्कि शुरुआत है। हम सभी पार्टियों को साथ लेकर चुनाव लड़ेंगे।"

शरद

शरद ने प्रधानमंत्री पर साधा निशाना

शरद ने कहा, "लोकसभा चुनाव में जहां-जहां मोदी ने रोड शो और रैलियां कीं, उन सभी जगहों पर MVA की जीत हुई है। इसलिए मैं प्रधानमंत्री मोदी का भी धन्यवाद करना अपना कर्तव्य समझता हूं।" उन्होंने आगे कहा, "आने वाले विधानसभा में मोदी की ज्यादा से ज्यादा सभाएं होनी चाहिए, ताकि हम मोदी के कारण स्पष्ट बहुमत की ओर बढ़ते रहें। हम राजनीतिक माहौल को MVA के पक्ष में अनुकूल बनाने के लिए प्रधानमंत्री को धन्यवाद देते हैं।"

अटकलें

MVA में थी मतभेद की अटकलें

चुनावी नतीजों के बाद अटकलें हैं कि MVA में सबकुछ ठीक नहीं है। कांग्रेस नेता नाना पटोले ने दावा किया था कि लोकसभा चुनाव में कांग्रेस बड़ी ताकत बनकर उभरी है और विधानसभा चुनाव में कांग्रेस 150 सीटों पर लड़ेगी। शिवसेना (उद्धव) ने भी सहयोगियों से चर्चा किए बिना विधानपरिषद की 4 सीटों पर उम्मीदवारों की घोषणा कर दी थी, जिस पर कांग्रेस ने नाराजगी जाहिर की थी। माना जाता है कि शरद की मध्यस्थता से ये मामला सुलझा।

न्यूजबाइट्स प्लस

न्यूजबाइट्स प्लस

लोकसभा चुनाव में MVA ने महाराष्ट्र की 48 सीटों में से 31 पर जीत दर्ज की है, जबकि भाजपा गठबंधन को 17 सीटें मिली हैं। कांग्रेस को 13, भाजपा और शिवसेना (उद्धव) को 9-9, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP शरद) को 8, शिवसेना (शिंदे) को 7 और NCP (अजित) को एक सीट मिली है। एक सीट पर निर्दलीय ने जीत दर्ज की है। महाराष्ट्र में फिलहाल शिवसेना (शिंदे), भाजपा और NCP (अजित) की सरकार है।