Page Loader
महाराष्ट्र मंत्रिमंडल की आधी सीटें भाजपा अपने पास रखेगी, अजित-शिंदे को मिल सकते हैं ये विभाग 
महाराष्ट्र मंत्रिमंडल के आधे पद भाजपा अपने पास रख सकती है

महाराष्ट्र मंत्रिमंडल की आधी सीटें भाजपा अपने पास रखेगी, अजित-शिंदे को मिल सकते हैं ये विभाग 

लेखन आबिद खान
Nov 28, 2024
12:43 pm

क्या है खबर?

महाराष्ट्र के विधानसभा चुनावों में जीत के बाद महायुति ने सरकार बनाने की कवायद तेज कर दी है। आज दिल्ली में महायुति की भाजपा के आलाकमान के साथ बैठक में मुख्यमंत्री पद पर फैसला हो सकता है। इस बीच मंत्रिमंडल को लेकर अहम जानकारी सामने आ रही है। खबरों के मुताबिक, भाजपा करीब आधे मंत्रालय अपने पास रख सकती है। वहीं, एकनाथ शिंदे की अगुवाई वाली शिवसेना को 3 अहम मंत्रालय दिए जा सकते हैं।

NCP

अजित की NCP को मिल सकते हैं 9 विभाग

NDTV की रिपोर्ट के मुताबिक, शिवसेना शिंदे को शहरी विकास, लोक निर्माण विभाग और जल संसाधन समेत 12 कैबिनेट पद मिल सकते हैं। वहीं, अजित पवार की राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) को 9 विभाग मिल सकते हैं। बता दें कि महाराष्ट्र में विधानसभा की 288 सीटें हैं। इस लिहाज से मुख्यमंत्री सहित अधिकतम 43 मंत्री बनाए जा सकते हैं। माना जा रहा है कि नई सरकार में 40 के आसपास मंत्री हो सकते हैं।

उपमुख्यमंत्री 

सरकार में हो सकते हैं 2 उपमुख्यमंत्री

माना जा रहा है कि वित्त मंत्रालय अजित को मिलेगा। वे शिंदे सरकार में भी वित्त मंत्री रहे हैं। इसके अलावा गृह मंत्रालय भाजपा अपने पास रखेगी। वहीं, पहले की तरह मुख्यमंत्री के साथ 2 उपमुख्यमंत्री भी बनाए जा सकते हैं। पूरी संभावना है कि शिवसेना और NCP अजित से एक-एक उपमुख्यमंत्री हो सकता है। शिंदे सेना कह चुकी है कि शिंदे उपमुख्यमंत्री पद स्वीकार नहीं करेंगे। ऐसे में शिंदे किसी करीबी को ये पद दे सकते हैं।

मंत्री

कुछ मंत्रियों का कट सकता है पत्ता

महाराष्ट्र के पिछले मंत्रिमंडल में 28 मंत्री थे। इनमें से सभी ने जीत दर्ज की है। हालांकि, अब भाजपा को ज्यादा सीटें मिलने के बाद मंत्रिमंडल का स्वरूप पूरी तरह बदल जाएगा। पिछली बार के मुकाबले इस बार भाजपा के ज्यादा मंत्री होंगे तो शिंदे सेना और NCP अजित को समझौता करना पड़ सकता है। ऐसे में अगर नए चेहरों को मौका मिला तो कुछ मंत्रियों को इस बार केवल विधायकी से ही संतोष करना होगा।

परिणाम

चुनाव क्या है महाराष्ट्र का चुनाव परिणाम? 

महाराष्ट्र विधानसभा चुनावी नतीजों में शिवसेना, भाजपा और अजित पवार के नेतृत्व वाली NCP के महायुति गठबंधन ने 235 सीटें जीती हैं। भाजपा को 132, शिवसेना को 57 और NCP को 41 सीटें मिली हैं। गठबंधन में शामिल छोटी पार्टियों ने भी 5 सीटों पर जीत हासिल की है। वहीं, विपक्षी महाविकास अघाड़ी (MVA) में शिवसेना (उद्धव ठाकरे) को 20, कांग्रेस को 16 और NCP (शरद पवार) को 10 सीटें मिली हैं।