Page Loader
मध्य प्रदेश: मुरैना के दिमनी में मतदान के दौरान पथराव और गोलीबारी, 1 घायल
मध्य प्रदेश के मुरैना में मतदान के दौरान पथराव और गोलीबारी

मध्य प्रदेश: मुरैना के दिमनी में मतदान के दौरान पथराव और गोलीबारी, 1 घायल

लेखन गजेंद्र
Nov 17, 2023
10:47 am

क्या है खबर?

मध्य प्रदेश में शुक्रवार को मतदान के दौरान मुरैना जिले के दिमनी विधानसभा क्षेत्र में 2 गुटों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। न्यूज 18 के मुताबिक, विवाद इतना बढ़ गया कि पथराव और गोलीबारी शुरू हो गई, जिसमें एक मतदाता के घायल होने की खबर है। घायल को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। घटना मिरघान मतदान केंद्र पर हुई। घटना के बाद पुलिस ने अपनी सुरक्षा में मतदाताओं को मतदान केंद्र तक पहुंचाया।

हिंसा

क्यों हुई हिंसा?

रिपोर्ट के मुताबिक, दिमनी विधानसभा क्षेत्र में एक गुट पर मतदान रोकने का आरोप लगने पर हंगामा शुरू हुआ, जो पथराव में बदल गया। दोनों गुट अलग-अलग राजनीतिक पार्टियों के बताए जा रहे हैं। पथराव के बाद पुलिस ने इलाके में गश्त की और उपद्रवियों को मौके से खदेड़ दिया। पुलिस ने गोलीबारी की सूचना से इनकार किया है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि कुछ लोग उनको मतदान करने से रोक रहे हैं।

मतदान केंद्र

केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर का विधानसभा क्षेत्र है दिमनी

पुलिस और सुरक्षा बलों के सख्ती दिखाने पर इलाके में अब शांति हुई है। मतदाताओं की सुरक्षा के लिए मतदान केंद्र के आसपास पुलिस बल की संख्या बढ़ा दी गई है। बात दें कि दिमनी विधानसभा क्षेत्र केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर का क्षेत्र है। तोमर इस बार विधानसभा चुनाव में उतरे हैं। पिछली बार यहां से कांग्रेस जीती थी। मध्य प्रदेश में सभी 230 सीटों और छत्तीसगढ़ में दूसरे चरण के तहत 70 सीटों पर मतदान चल रहा है।