Page Loader
लोकसभा चुनाव परिणाम 2024: INDIA गठबंधन को सरकार बनाने के लिए क्या उठापटक करनी होगी?
NDA और INDIA के लिए क्या हैं जीत के समीकरण

लोकसभा चुनाव परिणाम 2024: INDIA गठबंधन को सरकार बनाने के लिए क्या उठापटक करनी होगी?

लेखन आबिद खान
Jun 04, 2024
08:13 pm

क्या है खबर?

लोकसभा की ज्यादातर सीटों पर तस्वीर लगभग साफ हो चुकी है। राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) ने जरूर बहुमत का आंकड़ा पार कर लिया है, लेकिन भाजपा अपने दम पर इसे पार कर पाने में सफल नहीं हुई है। INDIA गठबंधन भी बहुमत के जादुई आंकड़े से पीछे रह गया है। ऐसे में दोनों ही गठबंधन सरकार बनाने के लिए सहयोगी पार्टियों पर निर्भर हैं। आइए जानते हैं सरकार बनाने के क्या समीकरण हैं।

सीटें

सबसे पहले जानिए किसके पास कितनी सीटें?

खबर लिखे जाने तक NDA 189 सीटों पर आगे है और 102 सीटें जीत चुका है। NDA में भाजपा 239, तेलुगु देशम पार्टी (TDP) 16, जनता दल यूनाइटेड (JDU) 13, शिवसेना (शिंदे गुट) 6 और दूसरी सहयोगी पार्टियां 16 सीटों पर या तो आगे है या जीत चुकी हैं। INDIA में कांग्रेस 100, समाजवादी पार्टी (SP) 38, द्रविड़ मुन्नेत्र कड़गम (DMK) 22, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP शरद पवार) 7 शिवसेना (उद्धव) 9 और दूसरे सहयोगी 25 सीटों पर आगे हैं।

NDA

NDA के लिए क्या हैं सरकार बनाने की समीकरण?

बहुमत का आंकड़ा 272 है और NDA इसे पार कर चुका है। ऐसे में NDA के लिए सरकार बनाने की राह में ज्यादा मुश्किलें नहीं है, लेकिन शर्त है कि उसके सभी सहयोगी एकजुट रहना चाहिए। अगर कोई भी सहयोगी दल छिटकता है तो NDA के लिए मुश्किलें हो सकती हैं। NDA सबसे ज्यादा नीतीश कुमार की JDU और चंद्रबाबू नायडू की TDP पर निर्भर है। इन दोनों का रुख तय करेगा कि NDA सरकार बना पाता है या नही।

INDIA

INDIA कैसे बना सकता है सरकार?

INDIA भी TDP और JDU पर निर्भर है। वो फिलहाल 235 सीटों पर बढ़त में है। सरकार बनाने के लिए उसे करीब 37 सीटों की जरूरत है। JDU के पास 13 और TDP के पास 16 सीटें हैं। अगर ये दोनों INDIA को समर्थन देते हैं तो आंकड़ा 263 पर पहुंच जाएगा। इसके बाद अन्य 18 पर आगे है। ये भी INDIA को समर्थन दे देते हैं तो INDIA सरकार बना सकता है।

बयान

सरकार गठन पर क्या बोले राहुल गांधी?

राहुल गांधी ने कहा, "कल INDIA गठबंधन की बैठक है, उसमें इस पर निर्णय लिया जाएगा। किससे क्या बात करनी है, ये हम कल बैठक में तय करेंगे। हमारे सहयोगी जो कहेंगे, उस हिसाब से ही फैसला लिया जाएगा। बिना सहयोगियों से बात किए मेरा इस बारे में कहना ठीक नहीं है। हम गठबंधन का हिस्सा हैं। इसलिए इस पर फैसला गठबंधन के सहयोगियों से बात करने के बाद ही लिया जाएगा।"

भाजपा

भाजपा क्या कर रही है?

भाजपा ने कल NDA की बैठक बुलाई है। आज भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा के आवास पर गृह मंत्री अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी बैठक की है। लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पार्टी नेताओं संग बैठक की है। खबर है प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नायडू से बात की है। शाह ने भी नायडू और जीतन राम मांझी से संपर्क किया है। हालांकि, क्या चर्चा हुई है, इसकी जानकारी सामने नहीं आई है।