अमेरिकी व्यापार समझौते को लेकर लोकसभा में हंगामा; 2 बजे तक स्थगित, पीयूष गोयल देंगे जवाब
क्या है खबर?
अमेरिका के साथ हुए व्यापार समझौते को लेकर मंगलवार को लोकसभा में विपक्षी सांसदों ने भारी हंगामा किया, जिसके बाद कार्यवाही को 2 बार स्थगित करना पड़ा। सदन की कार्यवाही सुबह 11 बजे शुरू हुई थी, लेकिन प्रश्न काल के दौरान ही विपक्षी सांसदों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर दी। इसके बाद कार्यवाही दोपहर 2 बजे तक स्थगित कर दी गई। बताया रहा है कि सरकार समझौते की जानकारी सदन के साथ साझा करेगी।
हंगामा
'हाउडी मोदी, सरेंडर मोदी' के नारे लगे
सदन की कार्यवाही सुबह 11 बजे शुरू होने के बाद लोकसभा स्पीकर ने महाराष्ट्र के एक पूर्व सांसद के निधन की सूचना दी और उसके बाद प्रश्नकाल शुरू करने को कहा। तुरंत बाद विपक्षी सांसदों ने 'हाउडी मोदी सरेंडर मोदी' के नारे लगाना शुरू कर दिए। सांसद नारे लगाते हुए स्पीकर की मेज के सामने तक पहुंच गए। इसके बाद सदन को 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दिया गया।
सदन
स्थगन प्रस्ताव पर नहीं दी अनुमति
इसके बाद कार्यवाही 12 बजे शुरू हुई। लोकसभा के पीठासीन कृष्णा प्रसाद तेन्नेटी ने सदन को जानकारी दी कि कई स्थगन के प्रस्ताव आए थे, जिसे लोकसभा अध्यक्ष ने अनुमति नहीं दी है। इसके बाद केंद्रीय मंत्रियों ने अपने पत्र सदन के पटल पर रखे औऱ उसके बाद संसदीय समिति के निर्वाचन के लिए प्रस्ताव रखे गए। इस दौरान विपक्षी सांसद नारेबाजी करते रहे और उन्होंने कागजों का प्रदर्शन किया। इसके बाद कार्यवाही 2 बजे तक स्थगित कर दी गई।
कांग्रेस
कांग्रेस ने सोशल मीडिया पर उठाया है मुद्दा
कांग्रेस ने अमेरिकी व्यापार समझौते को लेकर सोशल मीडिया पर लिखा है कि यह समझौता भी भारत-पाकिस्तान युद्धविराम की तरह अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ओर से ऐलान किया गया है। कांग्रेस ने लिखा कि समझौते में किस तरह की बात हुई है, इसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी औऱ उनकी सरकार को जनता और संसद को बताना चाहिए। पार्टी ने ट्रंप द्वारा रूस से तेल न खरीदे जाने की बात का जिक्र करते हुए जवाब मांगा है।
जवाब
पीयूष गोयल सदन को देंगे जवाब
केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने राज्यसभा में भी हंगामे के बाद कहा कि केंद्र सरकार जल्द ही भारत-अमेरिका व्यापार समझौते के बारे में विस्तृत जानकारी संसद के साथ साझा करेगी। नड्डा ने कहा, "कल देर रात राष्ट्रपति ट्रंप ने टैरिफ पर ट्वीट किया और प्रधानमंत्री मोदी को सच्चा मित्र बताया। इसके बाद प्रधानमंत्री ने अमेरिकी राष्ट्रपति को धन्यवाद दिया। सरकार समझौते पर स्वतः बयान जारी करेगी और चर्चा करेगी।" केंद्रीय वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल सदन में जानकारी दे सकते हैं।