Page Loader
पश्चिम बंगाल: NIA टीम पर हमले के बाद ममता ने भाजपा को घेरा, कही ये बातें

पश्चिम बंगाल: NIA टीम पर हमले के बाद ममता ने भाजपा को घेरा, कही ये बातें

Apr 06, 2024
02:55 pm

क्या है खबर?

पश्चिम बंगाल के भूपतिनगर में आज (6 अप्रैल) सुबह राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) की टीम पर हमला हुआ था, जिसमें एक अधिकारी को चोटें आईं। यह टीम 2022 भूपतिनगर धमाके की जांच करने के लिए थी, लेकिन लोगों ने टीम की गाड़ियों पर ईंटों से हमला किया। NIA ने धमाके के मामले में 2 लोगों को गिरफ्तार किया है। दूसरी तरफ पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने इस घटना को लेकर NIA और भाजपा पर हमला बोला है।

बयान

ममता ने क्या कहा? 

इस घटना को लेकर ममता बनर्जी ने कहा कि NIA भाजपा के लिए काम कर रही है। उन्होंने सवाल उठाते हुए पूछा कि उन्होंने (NIA ने) आधी रात को छापेमारी क्यों की? क्या उनके पास पुलिस की इजाजत थी? ये चुनाव से पहले लोगों को क्यों गिरफ्तार कर रहे हैं? क्या भाजपा यह सोच रही है कि वह हर बूथ एजेंट को गिरफ्तार कर लेगी। उन्होंने कहा कि NIA भाजपा की मदद के लिए यह सब कर रही है।

बयान

NIA ने लोगों पर हमला किया- ममता 

ममता ने राष्ट्रीय जांच एजेंसी पर आरोप लगाते हुए कहा कि एजेंसी की टीम ने भूपतिनगर के लोगों के साथ मारपीट की थी। उन्होंने कहा कि स्थानीय लोगों ने वैसे ही प्रतिक्रिया दी, जैसे किसी अजनबी के आने पर दी जाती है। अगर हमला होता है तो क्या महिलाएं चुप बैठेंगी? बता दें कि NIA ने धमाके के सिलसिले में 5 जगहों पर छापेमारी के बाद बलई चरण मैती और मनोव्रत जना को गिरफ्तार किया है।