Page Loader
पश्चिम बंगाल: NIA टीम की गाड़ी पर ईंटों से हमला, एक अधिकारी घायल
पश्चिम बंगाल में NIA की टीम पर हुआ हमला (प्रतीकात्मक तस्वीर)

पश्चिम बंगाल: NIA टीम की गाड़ी पर ईंटों से हमला, एक अधिकारी घायल

Apr 06, 2024
10:35 am

क्या है खबर?

पश्चिम बंगाल के पूर्वी मेदिनीपुर जिले में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) की टीम पर हमला हुआ है। हमले में एक अधिकारी के घायल होने की जानकारी सामने आई है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, NIA की एक टीम 2022 में हुए एक धमाके की जांच के लिए तृणमूल कांग्रेस (TMC) नेता के घर पर पहुंची थी। इसी दौरान टीम की कार पर ईंटों से हमला किया गया। इसमें कार के शीशे भी टूट गए।

धमाका

धमाके में हुई थी 3 लोगों की मौत 

3 दिसंबर, 2022 को पूर्वी मेदिनीपुर के भूपतिनगर में एक घर में हुए धमाके में 3 लोगों की मौत हो गई थी। इस मामले में पूछताछ के लिए NIA ने पिछले महीने TMC के 8 नेताओं को समन भेजा था। इन सभी नेताओं को NIA अधिकारियों के सामने पेश होने को कहा गया था। बताया जा रहा है कि इस मामले के सिलसिले में NIA की एक टीम सुबह 5:30 बजे भूपतिनगर पहुंची थी, जहां उस पर हमला हुआ।

आरोप

TMC ने लगाया भाजपा पर आरोप 

TMC ने आरोप लगाया है कि NIA की इस कार्रवाई के पीछे भाजपा का हाथ है। पार्टी के नेता कुनाल घोष ने कहा कि भाजपा ने NIA को उन 8 नेताओं की सूची सौंपी थी और उन्हें गिरफ्तार करने की कोशिश हो रही है। गौरतलब है कि करीब 2 महीने पहले भी पश्चिम बंगाल में प्रवर्तन निदेशालय (ED) की टीम पर हमला हुआ था, जो TMC नेता शाहजहां शेख के घर पर छापेमारी के लिए जा रही थी।