विधानसभा चुनाव में हार के बाद क्या बोले अखिलेश यादव और मायावती?
क्या है खबर?
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में हार के बाद समाजवादी पार्टी (सपा) के प्रमुख अखिलेश यादव ने प्रतिक्रिया दी है।
उन्होंने मतदाताओं का धन्यवाद करते हुए लिखा कि सपा ने दिखा दिया है कि भाजपा की सीटों को कम किया जा सकता है। भाजपा का ये घटाव निरंतर जारी रहेगा।
वहीं बहुजन समाज पार्टी (बसपा) सुप्रीमो मायावती ने अपनी पार्टी के खराब प्रदर्शन के लिए सपा के दुष्प्रचार को जिम्मेदार ठहराया है।
बयान
अखिलेश ने क्या लिखा?
शुक्रवार को अखिलेश ने ट्विटर पर लिखा, 'उप्र की जनता को हमारी सीटें ढाई गुनी व मत प्रतिशत डेढ़ गुना बढ़ाने के लिए हार्दिक धन्यवाद! हमने दिखा दिया है कि भाजपा की सीटों को घटाया जा सकता है। भाजपा का ये घटाव निरंतर जारी रहेगा।आधे से ज़्यादा भ्रम और छलावा दूर हो गया है बाकी कुछ दिनों में हो जाएगा। जनहित का संघर्ष जीतेगा!'
गौरतलब है कि इस बार के चुनाव में भाजपा की सीटें कम हुई हैं।
उत्तर प्रदेश
सपा का वोट प्रतिशत बढ़ा
2022 के विधानसभा चुनाव में सपा ने छोटी पार्टियों के साथ मिलकर भाजपा को चुनौती दी थी। हालांकि, सपा भाजपा को जीतने से नहीं रोक पाई, लेकिन पार्टी की सीटों और वोट प्रतिशत में इजाफा हुआ है।
2017 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के साथ मिलकर लड़ते हुए सपा को 21.28 प्रतिशत वोट शेयर के साथ 47 सीटें मिली थीं। वहीं इस बार उसे 32 प्रतिशत वोट और 111 सीटें मिली हैं।
बयान
मायावती ने क्या कहा?
मायावती ने कहा कि अगर मुसलमानों और दलितों का वोट उन्हें मिल जाता तो भाजपा हार सकती थी।
उन्होंने कहा, "इस बार चुनाव में मुसलमानों का वोट सपा की ओर जाता दिखा। ऐसे में मेरे अपने समाज को छोड़कर बड़ी संख्या में हिंदू समाज के लोगों ने भाजपा को वोट दे दिया ताकि सपा का गुंडाराज न आ सके।"
अपने समर्थकों से हिम्मत न हारने की अपील करते हुए उन्होंने कहा कि बुरा वक्त जल्द ही समाप्त होने वाला है।
विधानसभा चुनाव
क्या रहे उत्तर प्रदेश चुनाव के नतीजे?
राजनीतिक तौर पर बेहद महत्वपूर्ण उत्तर प्रदेश की बात करें तो राज्य की 403 सीटों में से 273 पर भाजपा और उसके सहयोगी ने जीत दर्ज की है।
सपा और उसके सहयोगी मात्र 125 सीट ही जीत पाए, वहीं मायावती की बसपा लगभग साफ हो गई है और मात्र एक सीट जीत हासिल की। कांग्रेस और अन्य ने केवल दो-दो सीटें जीती हैं।
इस जीत से भाजपा में योगी आदित्यनाथ का कद काफी बढ़ेगा।
बड़े चेहरों का प्रदर्शन
न्यूजबाइट्स प्लस (जानकारी)
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर शहर, अखिलेश यादव ने करहल, प्रगतिशील समाजवादी पार्टी के मुखिया शिवपाल यादव ने जसवंतनगर, सपा नेता आजम खान ने रामनगर, सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के प्रमुख ओम प्रकाश ने जहूराबाद और भाजपा प्रत्याशी पंकज सिंह ने नोएडा से जीत हासिल की है।
वहीं उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और चुनाव से पहले भाजपा छोड़ सपा में आने वाले स्वामी प्रसाद मौर्य को हार का सामना करना पड़ा है।