उत्तर प्रदेश नतीजे: सिराथू सीट से हारे भाजपा के केशव प्रसाद मौर्य

उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री और भाजपा नेता केशव प्रसाद मौर्य कौशांबी की सिराथू विधानसभा सीट से हार गए हैं। समाजवादी पार्टी (सपा) की प्रत्याशी डॉ पल्लवी पटेल ने उन्हें करीबी मुकाबले में 7,337 वोटों से मात दी। भाजपा के लिए यह सीट प्रतिष्ठा का विषय बनी हुई थी और विरोधी मौर्य की सीट फंसने का दावा कर रहे थे। हार के बाद मौर्य की उप मुख्यमंत्री की कुर्सी भी खतरे में आ सकती है।
सिराथू विधानसभा क्षेत्र की जनता के फ़ैसले को विनम्रतापूर्वक स्वीकार करता हूँ,एक एक कार्यकर्ता के परिश्रम के लिए आभारी हूँ,जिन मतदाताओं ने वोट रूपी आशीर्वाद दिया उनके प्रति कृतज्ञता ज्ञापित करता हूँ,
— Keshav Prasad Maurya (@kpmaurya1) March 10, 2022
कुछ समय पहले तक सिराथू सीट पर बहुजन समाज पार्टी का दबदबा था और 1993 से लेकर 2007 तक उसने लगातार चार बार यहां पर जीत दर्ज की थी। भाजपा ने पहली बार 2012 विधानसभा चुनाव में य़हां जीत दर्ज की थी और ये कारनामा करने वाला प्रत्याशी और कोई नहीं बल्कि खुद केशव मौर्य थे। उनके सांसद बनने के बाद 2014 उपचुनाव में यहां सपा जीती, लेकिन 2017 में भाजपा ने फिर से इस सीट पर कब्जा कर लिया।
राजनीतिक तौर पर बेहद महत्वपूर्ण राज्य उत्तर प्रदेश की 403 सीटों में से 219 पर भाजपा ने जीत हासिल कर ली है और 36 पर आगे चल रही है। सहयोगियों के साथ भाजपा लगभग 274 सीटें जितने की ओर है। अखिलेश यादव की समाजवादी पार्टी 79 जीत और 32 सीटों पर आगे है। मायावती की बहुजन समाज पार्टी लगभग साफ हो गई है और मात्र एक सीट पर आगे चल रही है। कांग्रेस केवल दो सीटों पर जीत दर्ज की।