Page Loader
हरियाणा विधानसभा चुनाव 2024: कांग्रेस-AAP में नहीं हो सका सीटों का बंटवारा, विफल हुआ गठबंधन- रिपोर्ट
हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस और AAP में नहीं हो सका गठबंधन

हरियाणा विधानसभा चुनाव 2024: कांग्रेस-AAP में नहीं हो सका सीटों का बंटवारा, विफल हुआ गठबंधन- रिपोर्ट

Sep 09, 2024
05:23 pm

क्या है खबर?

हरियाणा में होने वाले विधानसभा चुनावों के लिए कांग्रेस और आम आदमी पार्टी (AAP) के बीच होने वाला गठबंधन सीट बंटवारे के विवाद को लेकर विफल हो गया है। सूत्रों के अनुसार, अब दोनों दल अकेले ही चुनाव मैदान में उतरेंगे। इतना ही नहीं, AAP ने अपनी पहली सूची जारी करते हुए 20 सीटों पर उम्मीदवारों की घोषणा भी कर दी है। यह कदम INDIA गठबंधन में भी दोनों दलों के बीच दूरी ला सकता है।

कारण

10 सीटों पर चुनाव लड़ना चाहती थी AAP

इंडिया टुडे के अनुसार, सूत्रों की माने तो AAP 10 सीटों पर चुनाव लड़ना चाहती थी, लेकिन कांग्रेस अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व वाली पार्टी के लिए 3 से अधिक सीटें छोड़ने को तैयार नहीं थी। दिनभर दोनों दलों के नेताओं के चर्चाओं के कई दौर होने के बाद भी सीट बंटवारे पर सहमति नहीं बन पाई। ऐसे मे AAP ने अब सभी 90 सीटों पर चुनाव लड़ने का फैसला कर लिया है और पहली सूची भी जारी कर दी।

जोर

AAP का था इन सीटों पर जोर

सूत्रों के अनुसार, AAP गठबंधन के लिए कम से कम 10 सीटों की मांग के साथ कलायत और कुरुक्षेत्र विधानसभा सीटों में से एक देने की मांग पर अड़ी हुई थी। ये दोनों ही काफी अहम सीटे हैं। हालांकि, कांग्रेस इस पर तैयार नहीं हुई। बता दें कि पिछले सप्ताह दोनों पार्टियों ने गठबंधन के लिए सैद्धांतिक सहमति बनाई थी। हालांकि, कांग्रेस नेता दीपक बाबरिया ने कहा था कि गठबंधन 'जीत-जीत' की स्थिति बनने पर ही हो सकेगा।

बयान

AAP के हरियाणा प्रदेश अध्यक्ष ने दिया था अहम बयान

दोपहर में AAP के हरियाणा प्रदेश अध्यक्ष सुशील गुप्ता ने कहा था, "प्रदेश अध्यक्ष होने के नाते मैं 90 सीटों के लिए पूरी तैयारी कर रहा हूं। आलाकमान की ओर से गठबंधन की कोई खबर अब तक नहीं आई है, अगर शाम तक कोई खबर नहीं आती है तो हम अपने 90 विधानसभा के लिए उम्मीदवारों की लिस्ट जारी कर देंगे। बस थोड़ा इंतजार है।" इसी तरह AAP संजय सिंह ने भी शाम तक इंतजार करने की बात कही थी।

गठबंधन

INDIA गठबंधन का हिस्सा है कांग्रेस और AAP

कांग्रेस और AAP दोनों ही INDIA गठबंधन का हिस्सा हैं, जिसने लोकसभा चुनाव के लिए विपक्ष को एकजुट किया था और आश्चर्यजनक रूप से मजबूत परिणाम दिए थे। कांग्रेस का सीट बंटवारे में आनाकानी करना हाल ही में हुए लोकसभा चुनावों में AAP का निराशजनक प्रदर्शन भी रहा है। उसने केवल एक सीट पर चुनाव लड़ा और हार का सामना करना पड़ा। इधर, AAP हरियाणा में खुद को मजबूत बताते हुए अधिक सीट मांग रही थी।

चुनाव

हरियाणा में कब होने हैं चुनाव?

हरियाणा में सभी 90 विधानसभा सीटों पर 5 अक्टूबर को मतदान और 8 अक्टूबर को मतगणना होगी। पहले यहां 1 अक्टूबर को मतदान और 4 अक्टूबर को मतगणना होनी थी, लेकिन लंबी छुट्टियों का हवाला देकर तारीख आगे बढ़ाई गई है। पिछले चुनावों में भाजपा को 40 सीटें मिली थीं और उसने 10 सीटें जीतने वाली JJP के साथ सरकार बनाई थी। कांग्रेस को 31, INLD और HLP को 1-1 और 7 सीटों पर निर्दलीय जीते थे।