Page Loader
कोलकाता: चोटिल ममता से मिलने पहुंचे भाजपा नेता, डॉक्टरों ने नहीं दी मुलाकात की अनुमति

कोलकाता: चोटिल ममता से मिलने पहुंचे भाजपा नेता, डॉक्टरों ने नहीं दी मुलाकात की अनुमति

Mar 11, 2021
03:16 pm

क्या है खबर?

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर नंदीग्राम में हुए कथित हमले के बाद भाजपा और ममता की पार्टी तृणमूल कांग्रेस (TMC) आमने-सामने है। TMC ने ममता की जान को खतरा बताते हुए साजिश का आरोप लगाया है, वहीं भाजपा ने CBI जांच की मांग की है ताकि सच सामने आ सके। इसी बीच अस्पताल में भर्ती ममता बनर्जी से मिलने गए भाजपा नेताओं ने कहा कि डॉक्टरों ने उन्हें मुख्यमंत्री से मिलने की इजाजत नहीं दी है।

पृष्ठभूमि

बुधवार शाम हुआ था ममता पर हमला

बुधवार को नंदीग्राम में नामांकन दाखिल करने के बाद ममता बनर्जी शाम को रियापारा में एक मंदिर में दर्शन करने गई थीं। दर्शन करने के बाद जब वो कार का दरवाजा खोलकर खड़ी थीं तो चार-पांच लोगों ने कथित तौर पर उन्हें धक्का दे दिया और कार का दरवाजा बंद कर दिया। इससे वह जख्मी हो गईं। शुरुआती उपचार के बाद कोलकाता के अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां वह दो दिन डॉक्टरों की निगरानी में रहेंगी।

जानकारी

ममता से मिलने पहुंचे ये भाजपा नेता

गुरुवार को भाजपा नेता SSKM अस्पताल में भर्ती ममता से मुलाकात के लिए गए थे। पार्टी ने पश्चिम बंगाल भाजपा के मुख्य प्रवक्ता शमिक भट्टाचार्य और वरिष्ठ नेता तथागत रॉय को ममता से मिलने के लिए भेजा था, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें इजाजत नहीं दी।

बयान

डॉक्टरों ने नहीं दी मिलने की इजाजत- रॉय

हिंदुस्तान टाइम्स के अनुसार, रॉय ने कहा, "हम मानवता के नाते मुख्यमंत्री से मिलने आए थे, लेकिन डॉक्टरों ने हमें इसकी इजाजत नहीं दी। मैं उनसे मिलना चाहता था। हम सरकार के मंत्री अरुप बिस्वास से मिले हैं और अपनी चिंताएं जाहिर की हैं। हमने उन्हें हमारा संदेश मुख्यमंत्री तक पहुंचाने को कहा है। हम उनके जल्द ठीक होने की कामना करते हैं।" हालांकि, अस्पताल पहुंचे भाजपा नेताओं को TMC समर्थकों का विरोध भी झेलना पड़ा।

विरोध

TMC समर्थकों ने लगाए 'वापस जाओ' के नारे

ममता से मिलने आए भाजपा नेताओं के अस्पताल पहुंचते ही वहां मौजूद TMC समर्थकों ने उनके खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। वो 'वापस जाओ' के नारे लगा रहे थे। इससे पहले आज सुबह TMC कार्यकर्ताओं ने नंदीग्राम के बिरुलिया बाजार इलाके में सड़कों पर उतरकर प्रदर्शन किया। उन्होंने टायर जलाकर ममता बनर्जी के 'राजनीतिक साजिशकर्ताओं' के खिलाफ नारेबाजी की। दूसरी तरफ भाजपा ममता पर हुए हमले को 'ड्रामा' बताते हुए इसकी CBI जांच की मांग कर रही है।

मांग

दिलीप घोष बोले- मामले की CBI जांच हो

पश्चिम बंगाल भाजपा प्रमुख दिलीप घोष ने इस मामले की CBI जांच की मांग करते हुए कहा कि इस तरह की हरकतें काम नहीं आएंगी। उन्होंने इसे 'ड्रामा' करार दिया और कहा कि पश्चिम बंगाल के लोग पहले भी ऐसे 'ड्रामे' देख चुके हैं। उन्होंने कहा कि जेड प्लस सुरक्षा प्राप्त ममता बनर्जी पर हमला कैसे हो सकता है। इसकी CBI जांच होनी चाहिए ताकि सच सामने आ सके। यह देखने की जरूरत है कि क्या हुआ था।

जानकारी

फिलहाल कैसी है ममता की सेहत?

कोलकाता के अस्पताल में ममता का इलाज कर रहे डॉक्टरों ने बताया कि प्राथमिक जांच में उनके बाएं टखने और पैर की हड्डियों में गंभीर चोटों का पता चला है। साथ ही दाहिने कंधे, गर्दन और कलाई में भी चोटें आईं हैं। उन्हें सीने में दर्द और सांस फूलने की शिकायत है। उन्हें अगले 48 घंटों के लिए निगरानी में रखा जाएगा। उन्हें हल्का बुखार होने के कारण अस्पताल के VVIP वुडबर्न ब्लॉक के विशेष वार्ड में रखा गया है।