परिसीमन विधेयक पर एमके स्टालिन-शरद पवार को मनाने की कोशिश, खड़गे करेंगे मुलाकात
क्या है खबर?
परिसीमन विधेयक को लेकर पिछड़ता दिख रहा विपक्ष अब आखिरी कोशिशों में जुटा है। द्रविड़ मुन्नेत्र कड़गम (DMK) और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP शरद) ने विधेयक का समर्थन करने का ऐलान किया है। ऐसे में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे आज दोनों पार्टियों के नेताओं से मुलाकात की योजना बना रहे हैं। खड़गे पहले चेन्नई जाकर DMK प्रमुख एमके स्टालिन से मिलेंगे। फिर मुंबई में शरद पवार से उनकी बैठक होनी है।
रिपोर्ट
सोनिया गांधी भी जा सकती हैं साथ
रिपोर्ट के मुताबिक, खड़गे आज दोपहर 2 बजे चेन्नई में स्टालिन से मुलाकात कर सकते हैं। इसके बाद शाम में वे मुंबई लौटकर शरद से मिलेंगे।
ये भी खबर है कि कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी भी खड़गे के साथ दोनों नेताओं से मिलने जा सकती हैं।
माना जा रहा है कि कांग्रेस के वरिष्ठ नेता परिसीमन विधेयक के समर्थन को लेकर दोनों नेताओं को अपने फैसले पर पुनर्विचार करने के लिए मनाने की कोशिश करेंगे।
समर्थन
दोनों पार्टियों ने विधेयक के समर्थन का किया है ऐलान
खड़गे का यह कदम ऐसे वक्त आया है, जब DMK और NCP शरद दोनों ने ही परिसीमन विधेयक का समर्थन करने का ऐलान किया है।
बीते दिन NCP SP नेता जितेंद्र आव्हाड ने कहा कि पार्टी प्रस्तावित परिसीमन विधेयक का समर्थन करेगी। उन्होंने शरद के साथ चर्चा के बाद इसे एक संवैधानिक जरूरत बताया।
वहीं, स्टालिन ने कहा, "जिन 2 मांगों के लिए हमने पहले परिसीमन विधेयक का विरोध किया था, उन्हें नए विधेयक में लिखकर शामिल किया गया है।"
मुख्यमंत्री
कांग्रेस-शासित राज्यों के मुख्यमंत्री भी दिल्ली में जुटेंगे
एक तरफ कांग्रेस आलाकमान मुद्दे पर सक्रिय है तो दूसरी तरफ कांग्रेस-शासित 3 राज्यों के मुख्यमंत्री भी आज दिल्ली में मंथन करेंगे।
कर्नाटक के मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार, केरलम के मुख्यमंत्री वीडी सतीशन और तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी भी दिल्ली में बैठक करेंगे। वे परिसीमन की प्रक्रिया और दक्षिणी राज्यों पर इसके असर पर चर्चा करेंगे।
ये भी माना जा रहा है कि वे कांग्रेस नेतृत्व के साथ शरद और स्टालिन से मिलने भी जा सकते हैं।
मुलाकात
DMK और YSRCP सांसदों के प्रतिनिधिमंडल ने अमित शाह से मुलाकात की
परिसीमन विधेयक पेश होने से पहले DMK और YSRCP के प्रतिनिधिमंडल ने शनिवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की।
DMK प्रतिनिधिमंडल में टीआर बालू, कनिमोझी, दयानिधि मारन, ए राजा और पी विल्सन शामिल थे। वहीं, YSRCP का प्रतिनिधित्व राज्यसभा सांसद वाईवी सुब्बारेड्डी ने किया।
बता दें कि DMK के पास 22 लोकसभा सांसद हैं, जबकि YSRCP के पास 4 लोकसभा और 4 राज्यसभा सांसद हैं।