Page Loader
कांग्रेस ने ट्वीट की RSS के जलते निकर की तस्वीर, भाजपा का हिंसा भड़काने का आरोप
भारत जोड़ो यात्रा के बीच कांग्रेस के एक ट्वीट पर विवाद हो गया है (तस्वीर- ट्विटर/@INCIndia)

कांग्रेस ने ट्वीट की RSS के जलते निकर की तस्वीर, भाजपा का हिंसा भड़काने का आरोप

Sep 12, 2022
05:44 pm

क्या है खबर?

राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा के बीच कांग्रेस के एक ट्वीट पर विवाद खड़ा हो गया है। इस ट्वीट में भाजपा की पैतृक संस्था राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) की ड्रेस के निकर को जलते हुए दिखाया गया है। भाजपा और RSS दोनों ने मामले में कांग्रेस पर निशाना साधा है और उस पर हिंसा भड़काने का आरोप लगाया है। उसने कांग्रेस से ट्वीट को तुरंत डिलीट करने की मांग की है।

विवादित ट्वीट

कांग्रेस के विवादित ट्वीट में क्या है?

कांग्रेस ने आज सुबह किए गए भारत जोड़ो यात्रा से संबंधित अपने ट्वीट में एक तस्वीर शेयर की है जिसमें RSS के निकर में आग लगी हुई है और इसके नीचे लिखा है 'अभी 145 दिन बाकी'। ट्वीट में कांग्रेस ने लिखा है, 'देश को नफरत की बेड़ियों से आजाद कराने और भाजपा-RSS द्वारा किए गए नुकसान को मिटाने के लिए। कदम दर कदम, हम अपने लक्ष्य तक पहुंचेंगे।'

पलटवार

भाजपा ने पूछा- क्या देश में हिंसा कराना चाहते हैं राहुल गांधी?

ट्वीट पर प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा ने कांग्रेस और उसकी यात्रा पर हमला किया है। उन्होंने कहा, "ये 'भारत जोड़ो यात्रा' नहीं 'भारत तोड़ो' और 'आग लगाओ यात्रा' है। ये पहली बार नहीं है जब कांग्रेस ने ऐसा किया है। मैं राहुल गांधी से पूछना चाहता हूं, क्या आप इस देश में हिंसा चाहते हैं? कांग्रेस को इस तस्वीर को तुरंत डिलीट कर देना चाहिए।"

बयान

तेजस्वी सूर्या बोले- कांग्रेस ने 1984 में दिल्ली और 2002 में गोधरा को जलाया

दक्षिण बेंगलुरू से भाजपा सांसद तेजस्वी सूर्या ने भी कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा, 'कांग्रेस की आग ने 1984 में दिल्ली को जलाया। उसके इकोसिस्टम ने 2002 में गोधरा में 59 कारसेवकों को जिंदा जला दिया। अब उसने एक बार फिर से अपने इकोसिस्टम से हिंसा करने का आह्वान किया है। भारत राज्य के साथ राहुल गांधी की लड़ाई के साथ ही कांग्रेस का संवैधानिक तरीकों पर भरोसा करने वाली पार्टी के तौर पर अंत हो गया है।'

बयान

अपनी ही लगाई आग में जलकर राख हो जाएगी कांग्रेस- सूर्या

सूर्या ने कहा कि ये तस्वीर देशभर में आग लगाने की कांग्रेस की राजनीति का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि जो आग उसने लगाई है, उससे वो खुद ज्यादातर हिंदुस्तान में जल चुकी है और जल्द ही राजस्थान और छत्तीसगढ़ में भी राख हो जाएगी।

बयान

RSS नेता बोले- कांग्रेस लोगों को नफरत से जोड़ना चाहती है

RSS नेता एम वैद्य ने भी कांग्रेस पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा, "वो (कांग्रेस) लोगों को नफरत से जोड़ना चाहती है। उसने काफी लंबे समय से हमारे प्रति नफरत पाली हुई है। (राहुल के) पिता और दादा ने RSS को रोकने की कोशिश की, लेकिन RSS बढ़ती गई क्योंकि हमें लोगों से समर्थन मिलता रहा।" असम के मुख्यमंत्री हेमंत बिस्वा सरमा ने कहा कि कांग्रेस भारत जोड़ने नहीं भारत तोड़ने में लगी हुई है।

प्रतिक्रिया

विवाद के बाद कांग्रेस ने क्या कहा?

तस्वीर पर विवाद होने के बाद कांग्रेस की संचार इकाई के प्रमुख जयराम रमेश ने कहा, "जो नफरत, कट्टरता और पूर्वाग्रह की आग लगाते हैं, उन्हें बदले में कुछ मिलने के लिए तैयार होना चाहिए। RSS और भाजपा कांग्रेस से आक्रामक जवाब के आदी नहीं हैं। अगर वो आक्रामक हैं तो हम दोगुने आक्रामक होंगे। ये समझ लीजिए।" उन्होंने कहा कि वो टी-शर्ट और अंडरवियर की बजाय मुद्दों पर बात करना चाहते हैं।

भारत जोड़ो यात्रा

न्यूजबाइट्स प्लस

कांग्रेस सांसद राहुल गांधी तमाम नेताओं के साथ मिलकर तमिलनाडु के कन्याकुमारी से कश्मीर तक पैदल मार्च कर रहे हैं जिसे 'भारत जोड़ो यात्रा' नाम दिया गया है। यह यात्रा 150 दिन में देश के 12 राज्यों से होते हुए 3,570 किलोमीटर का सफर तय कर कश्मीर पहुंचेगी। इस यात्रा का मकसद मोदी सरकार में बढ़ रही आर्थिक असमानता, जाति और धर्म के आधार पर भेदभाव और सरकारी एजेंसियों के दुरुपयोग के खिलाफ देश को एकजुट करना है।