LOADING...
अमित शाह से मिले चंद्रबाबू नायडू, TDP की भाजपा के साथ आने की अटकलें
चंद्रबाबू नायडू ने गृह मंत्री अमित शाह और जेपी नड्डा से मुलाकात की

अमित शाह से मिले चंद्रबाबू नायडू, TDP की भाजपा के साथ आने की अटकलें

लेखन आबिद खान
Jun 04, 2023
01:04 pm

क्या है खबर?

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शनिवार शाम आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और तेलुगू देशम पार्टी (TDP) प्रमुख चंद्रबाबू नायडू से मुलाकात की थी। गृह मंत्री के आवास पर हुई बैठक में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा भी मौजूद थे। इसके बाद अटकलें लगाई जा रही हैं कि TDP और भाजपा एक बार फिर से हाथ मिला सकते हैं। बता दें कि TDP पहले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) का हिस्सा रही है।

चुनाव

चुनावों के लिए साथ आ सकती हैं दोनों पार्टियां

खबर है कि अगले साल होने वाले लोकसभा चुनाव के लिए दोनों पार्टियां साथ आ सकती हैं। तेलंगाना में 2024 की शुरुआत में विधानसभा चुनाव भी होना है। माना जा रहा है कि इस चुनाव में भी दोनों पार्टियों के बीच गठबंधन हो सकता है। अगर ऐसा होता है तो दक्षिण में अपना जनाधार मजबूत करने के लिए भाजपा के लिए ये अहम मौका होगा। हालांकि, आधिकारिक तौर पर गठबंधन को लेकर कुछ नहीं कहा गया है।

तारीफ

प्रधानमंत्री की तारीफ कर चुके हैं नायडू

पिछले महीने नायडू ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तारीफ की थी। उन्होंने कहा था, "प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पास एक विजन है। वह भारत के सम्मान को वैश्विक स्तर पर मजबूत कर रहे हैं। देश को मजबूत करने की इस राह पर मैं भी प्रधानमंत्री के साथ काम करना चाहता हूं।" प्रधानमंत्री ने भी 'मन की बात' कार्यक्रम में TDP के संस्थापक एनटी रामाराव को उनकी जयंती पर याद किया था और श्रद्धांजलि दी थी।

Advertisement

अलग

2018 में NDA से अलग हो गई थी TDP

बता दें कि 2014 के लोकसभा चुनाव में TDP NDA की सहयोगी पार्टी थी। 2019 के लोकसभा चुनावों से पहले मार्च, 2018 में TDP ने NDA से नाता तोड़ लिया था। नायडू आंध्र प्रदेश को विशेष राज्य का दर्जा न देने से केंद्र सरकार से नाराज थे। उन्होंने कहा था कि बजट में आंध्र प्रदेश को नजरअंदाज किया गया है, जिस वजह से उन्होंने गठबंधन तोड़ने का निर्णय लिया है।

Advertisement

नतीजे

तेलंगाना में क्या रहे थे पिछले चुनाव के नतीजे?

2018 में हुए तेलंगाना विधानसभा चुनाव में भारत राष्ट्र समिति (BRS) ने 88 सीटों पर जीत दर्ज की थी, जबकि कांग्रेस को 19 सीटों पर जीत मिली थी। असदुद्दीन ओवैसी की ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) को 7 सीटों पर जीत हासिल हुई थी। TDP को केवल 2 सीटें मिली थीं और भाजपा को महज एक सीट से ही संतोष करना पड़ा था। बता दें कि तेलंगाना में विधानसभा की कुल 119 सीटें हैं।

Advertisement