बंगाल: हफ्ते में दूसरी बार भाजपा सांसद के घर पर फेंका गया बम

पश्चिम बंगाल में भाजपा के सांसद अर्जुन सिंह के घर पर आज एक बार फिर से बम फेंका गया। इस हमले में किसी को कोई चोट नहीं आई है। मौके पर पहुंची राज्य पुलिस ने बम स्क्वाड को बुला लिया है और घटना की CCTV फुटेज को खंगाला जा रहा है। सिंह ने सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस (TMC) पर ये हमले कराने का आरोप लगाया है, वहीं TMC ने उन पर खुद ही हमले कराने का आरोप लगाया है।
कोलकाता से 100 किलोमीटर दूर जगतदाल स्थित अर्जुन सिंह के घर पर ये पिछले एक हफ्ते में दूसरा हमला है। इससे पहले 8 सितंबर को उनके घर पर तीन बम फेंके गए थे। एक बाइक पर सवार होकर आए तीन लोगों ने ये बम फेंके थे। हमले के समय सिंह घर पर न होकर दिल्ली थे, लेकिन उनका परिवार घर पर ही था। हमले में किसी को चोट नहीं आई। इस हमले की CCTV फुटेज भी सामने आई है।
इस हमले के बाद अर्जुन सिंह ने TMC के गुंडों पर ये हमला करने का आरोप लगाया था। समाचार एजेंसी ANI के अनुसार सिंह ने कहा था, "(राज्य) सरकार बम लेकर मेरे दरवाजे पर पहुंच गई है। अब हमें आत्मरक्षा में कुछ करना पड़ेगा। दो महीने पहले नबन्ना में एक व्यक्ति को मुझे मारने की जिम्मेदारी दी गई थी।" TMC ने इसे नाटक और फर्जी करार देते हुए कहा है कि सिंह ने खुद अपने घर पर हमला करवाया है।
ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली TMC सरकार से अक्सर टकराने वाले पश्चिम बंगाल के राज्यपाल जगदीप घनखड़ ने भी ट्वी करते हुए इन हमलों की निंदा की थी और कानून व्यवस्था पर सवाल उठाए थे। अपने ट्वीट में उन्होंने लिखा था, 'पश्चिम बंगाल में प्रचंड हिंसा के कम होने के कोई संकेत नहीं दिख रहे हैं। आज सुबह सांसद अर्जुन सिंह के घर के बाहर बम धमाके कानून व्यवस्था को लेकर चिंता पैदा करते हैं।'
भाजपा सांसद और राज्यपाल के चिंता जाहिर करने के बाद कल ही केंद्रीय गृह मंत्रालय ने मामले को राष्ट्रीय सुरक्षा एजेंसी (NIA) को सौंपा है। NIA ने मामले में FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बता दें कि अर्जुन सिंह पहले TMC में ही थे और उसे छोड़कर भाजपा में शामिल हुए हैं। वह 2019 लोकसभा चुनाव से पहले भाजपा में शामिल हुए थे और अभी बैरकपुर सीट से सांसद हैं।
गौरतलब है कि अर्जुन सिंह के घर पर ये हमले ऐसे समय पर हुए हैं जब 30 सितंबर को पश्चिम बंगाल की तीन विधानसभा सीटों पर उपचुनाव होने जा रहे हैं। इन सीटों में भवानीपुर की सीट भी शामिल है जहां से मुख्यमंत्री ममता बनर्जी मैदान में उतरेंगी। नंदीग्राम से भाजपा के सुवेंदु अधिकारी से चुनाव हारने के बाद ममता को इस सीट से उपचुनाव लड़ना पड़ रहा है। भाजपा ने प्रियंका टिबरीवाल को उनके खिलाफ मैदान में उतारा है।