सत्येंद्र जैन के तिहाड़ जेल में मसाज कराने का वीडियो वायरल, भाजपा और AAP आमने-सामने
क्या है खबर?
तिहाड़ जेल में बंद दिल्ली के मंत्री सत्येंद्र जैन के एक वीडियो पर बड़ा विवाद हो गया है। इस वीडियो में वह जेल के अंदर मसाज कराते हुए दिख रहे हैं।
भाजपा नेताओं ने सोशल मीडिया पर यह वीडियो शेयर करते हुए कहा है कि जैन को जेल में विशेष सुविधाएं प्रदान की जा रही हैं।
वहीं आम आदमी पार्टी (AAP) ने पलटवार करते हुए भाजपा पर एक बीमार व्यक्ति के इलाज का मजाक बनाने का आरोप लगाया है।
वायरल वीडियो
वीडियो में क्या है?
वायरल वीडियो में एक शख्स को मई से तिहाड़ जेल में बंद दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन की मसाज करते हुए देखा जा सकता है।
वह पहले जैन के पंजों की मसाज करता है और फिर उनके पैर दबाता है। इसके अलावा उसे जैन के सिर की मसाज करते हुए भी देखा जा सकता है।
वीडियो 13 और 14 सितंबर को अलग-अलग समय का है। वीडियो के ऊपर इसकी तारीख देखी जा सकती है।
ट्विटर पोस्ट
कांग्रेस नेता श्रीनिवास बीवी ने भी साधा AAP पर निशाना
कट्टर ईमानदार पार्टी ने तिहाड़ जेल में ही अपने भ्रष्ट मंत्री सत्येंद्र जैन के लिए खोला मसाज पार्लर..
— Srinivas BV (@srinivasiyc) November 19, 2022
सत्येन्द्र जैन जेल में यूं करवट बदल बदल कर दिन काट रहे हैं....! pic.twitter.com/HMZvaL3VQM
आलोचना
भाजपा ने साधा केजरीवाल पर निशाना
भाजपा के तमाम नेताओं ने वायरल वीडियो को शेयर करते हुए दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधा है।
पार्टी की IT सेल के मुखिया अमित मालवीय ने ट्वीट करते हुए कहा, 'अरविंद केजरीवाल ने तिहाड़ को मसाज पार्लर बना कर रख दिया है। उनके करीबी होने के कारण जेल में बंद मंत्री सत्येंद्र जैन को सारे नियमों की धज्जियां उड़ाकर मसाज मिल रही है। दिल्ली सरकार तिहाड़ को चलाती है। ये भ्रष्टाचारी राजनीति बदलने आए थे।'
प्रतिक्रिया
मनीष सिसोदिया ने भाजपा की सोच को बताया घटिया
AAP ने भाजपा के आरोपों को जवाब देते हुए कहा कि जैन बीमार हैं और उन्हें इलाज के तौर पर मसाज दी जाती है।
उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने कहा, 'सत्येंद्र जैन के स्पाइन-इंजरी के दो ऑपरेशन हुए हैं। उनको डॉक्टर ने रेगुलर फिजियोथेरेपी बताई है। कोविड के बाद से उनके फेफड़ों में धब्बा है जो अभी ठीक नहीं हुआ है। किसी आदमी की बीमारी और उसको दिए जा रहे इलाज का मजाक बनाने की सोच ही बहुत घटिया है।'
आरोप
ED ने भी लगाया था जैन को VIP ट्रीटमेंट मिलने का आरोप
बता दें कि पिछले महीने प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने भी कोर्ट से कहा था कि सत्येंद्र जैन जेल के अंदर शाही जीवन जी रहे हैं और उन्हें VIP ट्रीटमेंट दिया जा रहा है।
अपने हलफनामे में एजेंसी ने कहा था कि जेल में मालिश समेत सभी सुविधाएं मिल रही हैं। उसने कहा कि जैन के पास दिल्ली सरकार के जेल विभाग का प्रसार है और वह अपने पद का दुरुपयोग कर रहे हैं।
एजेंसी ने CCTV फुटेज भी सौंपी थी।
पृष्ठभूमि
30 मई को गिरफ्तार किए गए थे सत्येंद्र जैन
बता दें कि मनी लॉन्ड्रिंग के आरोप में 30 मई को सत्येंद्र जैन को गिरफ्तार किया गया था।
उन पर आरोप है कि उन्होंने अपने परिजनों और रिश्तेदारों के साथ मिलकर 2011-12 में 11.78 करोड़ रुपये और 2015-16 में 4.63 करोड़ रुपये की मनी लॉन्ड्रिंग के लिए चार फर्जी कंपनियां बनाई थीं।
जैन पर आय से अधिक संपत्ति का भी आरोप है और अप्रैल में उनकी 4.81 करोड़ रुपये की संपत्ति कुर्क की गई थी।