LOADING...
पंजाब में 65 सीटों पर चुनाव लड़ेगी भाजपा, अमरिंदर सिंह की पार्टी को मिली 37 सीटें
पंजाब में 65 सीटों पर भाजपा और 37 सीटों पर चुनाव लड़ेगी अमरिंदर सिंह की पार्टी।

पंजाब में 65 सीटों पर चुनाव लड़ेगी भाजपा, अमरिंदर सिंह की पार्टी को मिली 37 सीटें

Jan 24, 2022
05:57 pm

क्या है खबर?

पंजाब में अगले महीने होने वाले विधानसभा चुनावों में गठबंधन के साथ उतर रही भाजपा, कैप्टन अमरिंदर सिंह की पंजाब लोक कांग्रेस और सुखदेव ढींढसा की पार्टी के बीच सीटों का बंटवारा हो गया है। इसके तहत राज्य की कुल 117 विधानसभा सीटों में से भाजपा 65, पंजाब लोक कांग्रेस 37 और ढींढसा की पार्टी को 15 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। पंजाब में पहली बार ऐसा होगा जब भाजपा गठबंधन में सबसे अधिक सीटों पर उम्मीदवार उतारेगी।

ऐलान

भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने किया सीटों के बंटवारे का ऐलान

NDTV के अनुसार, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा, अमरिंदर सिंह और सुखदेव ढींडसा ने सोमवार को दिल्ली में सीटों के बंटवारे का ऐलान किया। इस दौरान नड्डा ने कहा, "हम सब मिलकर पंजाब विधानसभा का चुनाव लड़ रहे हैं। भाजपा 65, पंजाब लोक कांग्रेस 37 और संयुक्त अकाली दल-ढींढसा 15 सीटों पर चुनाव लड़ेगी।" उन्होंने कहा, "पंजाब का यह चुनाव सरकार बदलना के लिए ही नहीं बल्कि आने वाली पीढ़ियों को सुरक्षित करने के लिए भी है।"

जरूरत

पंजाब को है डबल इंजन वाली सरकार की जरूरत- नड्डा

नड्डा ने कहा, "पंजाब सीमावर्ती होने से देश की सुरक्षा से जुड़ा प्रदेश है। यहां पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए ड्रग्स और हथियारों का व्यापार किया जा रहा है। ऐसे में विशेष फोकस की आवश्यकता है और राज्य को डबल इंजन वाली सरकार यानी केंद्र और राज्य के बीच बेहतर समन्वय वाली सरकार की आवश्यकता है।" उन्होंने कहा, "प्रधानमंत्री मोदी को पंजाब से बहुत लगाव है। उनका वीर बाल दिवस की घोषणा करना पंजाब के लिए गर्व की बात है।"

Advertisement

बयान

"माफिया के खिलाफ की जाएगी ठोस कार्रवाई"

नड्डा ने कहा, "सिख दंगों के मामले में प्रधानमंत्री मोदी ने दोषियों को जेल भेजने का काम किया है। अगर राज्य में भाजपा की सरकार बनती है तो सरकार ड्रग्स, रेत और भूमि माफियाओं के खिलाफ सख्त और प्रभावी कार्रवाई करेगी।"

Advertisement

उम्मीदवार

सभी वर्गों का प्रतिनिधित्व करते हुए दिए हैं टिकट- अमरिंदर सिंह

कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कहा, "हमने क्षेत्रों और समाज के विभिन्न वर्गों में उचित प्रतिनिधित्व सुनिश्चित करते हुए जीत पर स्पष्ट ध्यान देने के साथ उम्मीदवारों का चयन किया है।" ढींढसा ने कहा, "पंजाब की हालत बहुत खराब है। पंजाब में इंडस्ट्री पलायन कर रही है। खेतीबाड़ी पर भी बहुत कर्ज हो गया। पंजाब पर 3 लाख करोड़ से ज्यादा कर्जा है। ऐसे में हमने गठबंधन बनाया है। अब हम भाजपा के साथ मिलकर पंजाब को पैरों पर खड़ा करेंगे।"

घोषणा

अमरिंदर सिंह की पार्टी कर चुकी है 22 उम्मीदवारों की घोषणा

बता दें कि सीटों के बंटवारे के साथ अब प्रत्योशियों की घोषणा भी जल्द ही की जाएगी। अमरिंदर सिंह की पार्टी ने रविवार को 22 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की थी। इसमें अमरिंदर का नाम भी शामिल है और वह अपने गढ़ पटियाला शहर सीट से चुनाव लड़ेंगे। वो चार बार यहां से विधायक रह चुके हैं और वर्तमान में भी विधायक हैं। उनकी पत्नी प्रणीत कौर भी 2014 से 2017 तक यहां से विधायक रह चुकी हैं।

चुनावी कार्यक्रम

पंजाब में कब होंगे चुनाव?

117 विधानसभा सीटों वाले पंजाब में 20 फरवरी को एक चरण में चुनाव होगा और 10 मार्च को नतीेजे घोषित किए जाएंगे। पंजाब में कांग्रेस जहां अपना किला बचाने की कोशिश में है, वहीं आम आदमी पार्टी और अकाली दल पिछली हार को भूलकर सत्ता में आने के प्रयास कर रही हैं। कांग्रेस से अलग होने के बाद अमरिंदर सिंह ने अपनी अलग पार्टी बनाई है और वो भाजपा के साथ मिलकर सत्ता की दावेदारी पेश कर रहे हैं।

पिछला परिणाम

न्यूजबाइट्स प्लस (इंफो)

साल 2017 में पंजाब में हुए विधानसभा चुनावों में कांग्रेस ने कुल 117 सीटों में से 77 जीतकर सरकार बनाई थी। इसी तरह AAP 20 सीटें जीतकर दूसरे नंबर पर रही थी, वहीं भाजपा और शिरोमणि अकाली दल के गठबंधन ने 18 सीटें मिली थीं। इनमें से 15 सीट अकाली दल और तीन सीट भाजपा ने जीती थीं। चुनाव बाद कैप्टन अमरिंदर सिंह मुख्यमंत्री की कुर्सी पर बैठे थे। पिछले साल उनकी जगह चरणजीत सिंह चन्नी को मुख्यमंत्री बनाया गया।

Advertisement