LOADING...
भाजपा ने केजरीवाल के 'शीशमहल 2' की तस्वीरें जारी कीं, AAP ने कहा- ये फर्जी
भाजपा ने केजरीवाल के आवास की कथित तस्वीरें जारी की हैं

भाजपा ने केजरीवाल के 'शीशमहल 2' की तस्वीरें जारी कीं, AAP ने कहा- ये फर्जी

लेखन आबिद खान
Apr 25, 2026
02:30 pm

क्या है खबर?

भाजपा ने दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के 95 लोधी एस्टेट आवास की तस्वीरें जारी की हैं। दिल्ली सरकार में मंत्री प्रवेश वर्मा ने इस दौरान केजरीवाल पर तीखे हमले करते हुए उन्हें दिल्ली का 'रहमान डकैत' करार दिया। उन्होंने कहा, "जिस तरह फिल्म 'धुरंधर' का सीक्वल आया, उसी तरह केजरीवाल ने दिल्ली के लोधी एस्टेट में अपने लिए 'शीशमहल 2' तैयार कर लिया है। हालांकि, आम आदमी पार्टी (AAP) ने इन तस्वीरों को फर्जी बताया है।

भाजपा

प्रवेश ने कहा- सादगी वाले केजरीवाल आलिशान बंगले में रह रहे

प्रवेश ने कहा, "जो व्यक्ति कभी 'आम आदमी' की तरह रहने और सादगी का दावा करता था, आज वह दिल्ली के सबसे महंगे और आलीशान इलाकों में से एक में रहता है। आम आदमी पार्टी का नाम अब 'आलीशान आदमी पार्टी' होना चाहिए। केजरीवाल बताएं कि इस नए बंगले में कितना पैसा निवेश किया गया है और यह पैसा किसका है? केजरीवाल ने पंजाब में भी एक 'शीशमहल' बनाया और अब दिल्ली में फिर से वही दोहरा रहे हैं।"

आरोप

प्रवेश ने ये आरोप भी लगाए

प्रवेश ने कहा, "जब दिल्ली कोविड की लहर से जूझ रही थी, तब अरविंद ने दिल्ली में शीश महल बनवाया। जब 'धुरंधर' दिल्ली के वोटरों ने दिल्ली के 'रहमान डकैत' को हरा दिया, तो वह पंजाब चले गए। भगवंत मान की मुश्किलें बढ़ा दीं। उनके घर के आसपास के 4 बड़े मकानों में से एक में केजरीवाल, दूसरे में पूर्व दिल्ली स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन, तीसरे में राज्यसभा सांसद संजय सिंह और एक अन्य में मनीष सिसोदिया रह रहे थे।"

Advertisement

AAP

AAP बोली- सभी फोटो इंटरनेट से उठाए गए

AAP नेता आतिशी ने सभी फोटो को फर्जी बताया है। उन्होंने कहा, "ये फोटो केजरीवाल के घर के नहीं हैं। अगर यह जानना है कि किसका घर कितना आलीशान है, तो रेखा गुप्ता और उपराज्यपाल साहब अपने-अपने घर खोलें। केजरीवाल भी अपना घर खोलेंगे। इसके बाद जनता खुद तय कर लेगी। क्या दिन आ गए हैं इनके, जब केजरीवाल जी के खिलाफ कुछ मिलता नहीं तो इंटरनेट से उठाई गई तस्वीरों के दम पर झूठे दावे किए जा रहे हैं।"

Advertisement

पिछला विवाद

केजरीवाल के आवास को लेकर पहले भी निशाना साधती रही है भाजपा

दिल्ली के मुख्यमंत्री रहते हुए केजरीवाल जिस बंगले में रहते थे, भाजपा उसे 'शीशमहल' कहती थी। भाजपा का आरोप है कि मुख्यमंत्री रहते हुए केजरीवाल ने बंगले की मरम्मत पर 44.78 करोड़ रुपये खर्च किए। आवास में आधुनिक सुविधाएं, मार्बल फर्श, अलमारियों और किचन पर करोड़ों रुपये खर्च किए गए। बाद में नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक (CAG) ने भी मरम्मत में कई अनियमितताओं का जिक्र किया था। चुनाव के दौरान भी ये बड़ा मुद्दा था।

Advertisement