Page Loader
भाजपा ने पवन सिंह को पार्टी से निकाला, NDA प्रत्याशी के खिलाफ लड़ रहे हैं चुनाव
भाजपा ने पवन सिंह को पार्टी से निकाल दिया है

भाजपा ने पवन सिंह को पार्टी से निकाला, NDA प्रत्याशी के खिलाफ लड़ रहे हैं चुनाव

लेखन आबिद खान
May 22, 2024
01:40 pm

क्या है खबर?

भोजपुरी कलाकार और गायक पवन सिंह को भाजपा ने पार्टी से निष्कासित कर दिया है। वे बिहार की काराकाट सीट से राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) के प्रत्याशी के खिलाफ निर्दलीय चुनाव लड़ रहे हैं। पार्टी ने उन पर अनुशासनात्मक कार्रवाई करते हुए पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल होने का आरोप लगाया है। बता दें कि काराकाट से NDA ने उपेंद्र कुशवाहा को मैदान में उतारा है, जिनके खिलाफ पवन निर्दलीय ताल ठोंक रहे हैं।

बयान

भाजपा ने कहा- पवन पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल

भाजपा की बिहार इकाई द्वारा जारी एक पत्र में कहा गया है, "लोकसभा चुनाव में आप (पवन सिंह) NDA के अधिकृत प्रत्याशी के विरुद्ध चुनाव लड़ रहे हैं। आपका यह कार्य दल विरोधी है, जिससे पार्टी की छवि धूमिल हुई है और पार्टी अनुशासन के विरुद्ध आपने यह कार्य किया है। अत: आपको दल विरोधी इस कार्य के लिए माननीय प्रदेश अध्यक्ष जी के आदेशानुसार पार्टी से निष्कासित किया जाता है।"

संकेत

पार्टी ने दिए थे कार्रवाई के संकेत

कयास लगाए जा रहे थे कि पवन पर भाजपा कार्रवाई कर सकती है। बिहार सरकार के वन एवं पर्यावरण मंत्री डॉक्टर प्रेम कुमार ने इसके संकेत दिए थे। 14 मई को उन्होंने एक सम्मेलन में कहा था, "पवन सिंह लंबे समय तक भाजपा में रहे हैं। अब अगर वह निर्दलीय नामांकन किए हैं और ऐसे में अगर समय रहते वे नाम वापस नहीं लेते हैं तो उन पर पार्टी आवश्यक कार्रवाई करेगी।"

टिकट

भाजपा ने आसनसोल से दिया था पवन को टिकट

पहले भाजपा ने पवन को पश्चिम बंगाल की आसनसोल लोकसभा सीट से टिकट दिया था, जिस पर पवन ने पार्टी का आभार जताया था। हालांकि, उनका नाम सामने आते ही विवाद खड़ा हो गया था, जिसके बाद उन्होंने आसनसोल से चुनाव लड़ने से मना कर दिया था। इसके बाद भाजपा ने आसनसोल से एसएस अहलूवालिया को टिकट दिया है। उनका सामना तृणमूल कांग्रेस (TMC) के उम्मीदवार शत्रुघ्न सिन्हा से होगा।

आलोचना

वीडियो को लेकर हो रही थी पवन की आलोचना

आसनसोल से टिकट मिलने के बाद पवन की खूब आलोचना हो रही थी। दरअसल, अपने कुछ म्यूजिक वीडियो में पवन ने महिलाओं के प्रति अपमानजनक और स्त्रीद्वेषी टिप्पणी की थी। टिकट की घोषणा होने के बाद से ही ये वीडियो वायरल हो रहे थे। इसे लेकर TMC और कांग्रेस भाजपा पर हमलावर थे। TMC ने इसे भाजपा की नारी शक्ति का दिखावा बताया था और इसे बंगाल की अस्मिता से जोड़ दिया था।