
महाराष्ट्र चुनाव: भाजपा-NCP शरद ने जारी की 22-22 उम्मीदवारों की सूची, AAP नहीं लड़ेगी चुनाव
क्या है खबर?
महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP शरदचंद्र पवार) ने 22-22 उम्मीदवारों की सूची जारी की है। दोनों ही पार्टियों की ये दूसरी सूची है।
NCP शरद ने अकोल्या से अमित भांगरे और एरंडोल से सतीश पाटिल को उम्मीदवार घोषित किया है।
भाजपा ने नासिक मध्य सीट से अपनी मौजूदा विधायक देवयानी फरांदे पर फिर से भरोसा जताया है। लातूर ग्रामीण से कांग्रेस नेता विलासराव देशमुख के बेटे धीरज देशमुख को टिकट मिला है।
NCP उम्मीदवार
NCP ने अब तक 67 उम्मीदवार घोषित किए
NCP शरद ने शाहपुर से पांडुरंग बरोरा, परंदा से राहुल मोटे, बीड से संदीप क्षीरसागर, आर्वी से मयूरा काले, बगलान से दीपिका चव्हाण, येवला से माणिकराव शिंदे, सिन्नर से उदय सांगले, डिंडोरी से सुनीता चारोस्कर, नासिक पूर्व से गणेश गीतेगंगापुर, पार्वती से अश्विनी कदम, मालशिरस से उत्तम जानकर को उम्मीदवार बनाया है।
बता दें कि NCP शरद ने पहली सूची में 45 उम्मीदवारों के नाम का ऐलान कर चुकी है।
ट्विटर पोस्ट
यहां देखें भाजपा उम्मीदवारों की सूची
BJP (@BJP4India) releases its second list of 22 candidates for the Maharashtra assembly elections.#MaharashtraElections2024 #MaharashtraAssemblyElelections2024 pic.twitter.com/EYE7icX3XR
— Press Trust of India (@PTI_News) October 26, 2024
भाजपा के उम्मीदवार
भाजपा की दूसरी सूची में किस-किसके नाम?
भाजपा ने अकोला पश्चिम से विजय अग्रवाल, पुणे कैंट से सुनील ज्ञानदेव कांबले, धुले ग्रामीण से राम भदाणे, वाशिम से श्याम खोडे, मलकापुर से चैनसुख संचेती, गढ़चिरौली से मिलिंद रामजी नरोटे, उल्हासनगर से कुमार उत्तमचंद आयलानी, अकोट से प्रकाश गुणवंतराव भारसाकाले, लातूर ग्रामीण से रमेश काशीराम कराड, सोलापुर शहर मध्य से देवेंद्र राजेश कोठे, पंढरपुर से समाधान महादेव औताडे, शिराला से सत्यजीत शिवाजीराव देशमुख और जाट से गोपीचंद कुंडलकर को मैदान में उतारा है।
महिला
भाजपा की दूसरी सूची में केवल एक महिला
पहली सूची में भाजपा ने 99 उम्मीदवार घोषित किए थे। इस तरह भाजपा अब तक 121 सीटों पर प्रत्याशियों का ऐलान कर चुकी है।
पार्टी की दूसरी सूची में मुंबई की एक भी सीट नहीं है। पहली सूची में मुंबई की 14 सीटों पर उम्मीदवार घोषित किए गए थे। माना जा रहा है कि मुंबई की 4 और सीटों पर भाजपा चुनाव लड़ सकती है।
दूसरी सूची में केवल एक महिला देवयानी फरांदे के नाम है।
AAP
AAP नहीं लड़ेगी चुनाव, लेकिन केजरीवाल करेंगे प्रचार
आम आदमी पार्टी (AAP) ने कहा कि वो महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव नहीं लड़ेगी।
पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने कहा, 'महाराष्ट्र चुनाव में राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल जी MVA प्रत्याशियों के लिए प्रचार करेंगे। AAP महाराष्ट्र में चुनाव नहीं लड़ेगी।'
AAP नेता सौरभ भारद्वाज ने कहा, "हमारा मानना है कि गठबंधन के साथी अच्छा चुनाव लड़ सकते हैं। उनके चुनाव लड़ने से भाजपा को नुकसान हो सकता है, इसलिए हम उनके लिए प्रचार करेंगे, लेकिन चुनाव नहीं लड़ेंगे।"
चुनाव
महाराष्ट्र में 20 नवंबर को मतदान
महाराष्ट्र की सभी 288 विधानसभा सीटों के लिए एक ही चरण में 20 नवंबर को मतदान होगा। नतीजों की घोषणा झारखंड के साथ 23 नवंबर को की जाएगी।
महाराष्ट्र में फिलहाल महायुति गठबंधन की सरकार है और शिवसेना (शिंदे गुट) के एकनाथ शिंदे मुख्यमंत्री हैं। गठबंधन में शिवसेना के अलावा भाजपा और अजित पवार के नेतृत्व वाली NCP भी शामिल है।
राज्य में कुल 9.63 करोड़ मतदाता हैं, जिनमें 4.97 करोड़ पुरुष और 4.66 करोड़ महिलाएं हैं।