ऐपल का बड़ा फैसला, नाबालिग नहीं चला सकेंगे रोमांटिक AI चैटबॉट और डेटिंग ऐप्स
क्या है खबर?
टेक कंपनी ऐपल ने अपने ऐप स्टोर पर उम्र से जुड़े नियम सख्त करने का फैसला किया है। अब ऐसे डेटिंग ऐप्स और AI चैटबॉट को नाबालिग इस्तेमाल नहीं कर सकेंगे, जिनमें रोमांटिक या यौन बातचीत की सुविधा मिलती है। कंपनी ने सोमवार को ऐप डेवलपर्स को नए बदलावों की जानकारी दी है। इसका मकसद बच्चों और किशोरों को उनकी उम्र के हिसाब से अनुचित ऑनलाइन सामग्री से बचाना है।
नियम
16 नवंबर से लागू होंगे नए नियम
ऐपल के नए नियम 16 नवंबर से लागू होंगे।
इसके बाद ऐप बनाने वाली कंपनियों को अपने प्लेटफॉर्म की उम्र सीमा तय करने के लिए नए विकल्पों का इस्तेमाल करना होगा। जो ऐप यूजर्स को डेटिंग के लिए साथी खोजने या रोमांटिक रिश्ते बनाने की सुविधा देते हैं, उन्हें सीधे 18 साल से अधिक उम्र वालों की श्रेणी में रखा जाएगा।
डेवलपर्स को जरूरी बदलाव पूरे करने के लिए 12 जनवरी, 2027 तक का समय मिलेगा।
पाबंदी
AI कंपेनियन ऐप्स पर भी लागू होगी पाबंदी
इस बदलाव का असर उन AI ऐप्स पर भी पड़ेगा, जिनमें यूजर्स वर्चुअल किरदारों से बातचीत करते हैं।
कैरेक्टर AI और रेप्लिका जैसे प्लेटफॉर्म पर लोग डिजिटल दोस्त और रोमांटिक पार्टनर बना सकते हैं। ऐसे ऐप्स का इस्तेमाल युवाओं के बीच भी बढ़ा है।
पिछले साल गर्मियों तक प्रमुख AI कंपेनियन ऐप्स को ऐपल और गूगल के ऐप स्टोर पर दुनियाभर में 22 करोड़ बार डाउनलोड किया जा चुका था।
लोकेशन
लोकेशन साझा करने पर भी रखनी होगी स्पष्ट जानकारी
ऐपल ने लोकेशन शेयर करने वाले ऐप्स के लिए भी नियमों में बदलाव किया है।
अब किसी यूजर की वास्तविक लोकेशन दूसरे व्यक्ति या ग्रुप को भेजने वाले ऐप को इसकी जानकारी साफ-साफ देनी होगी। इससे लोगों को पता रहेगा कि उनकी लोकेशन किसके साथ साझा हो रही है।
कंपनी ने ब्राजील के लिए अलग व्यवस्था भी रखी है। वहां परिवारों के लिए लोकेशन साझा करने वाले ऐप सरकारी मंत्रालय से आधिकारिक उम्र रेटिंग हासिल कर सकेंगे।