Page Loader
कांग्रेस अध्यक्ष बनने पर मुख्यमंत्री पद छोड़ने को तैयार गहलोत, क्या सचिन पायलट को मिलेगी कुर्सी?
अशोक गहलोत के अध्यक्ष बनने पर सचिन पायलट को बनाया जा सकता है राजस्थान का मुख्यमंत्री

कांग्रेस अध्यक्ष बनने पर मुख्यमंत्री पद छोड़ने को तैयार गहलोत, क्या सचिन पायलट को मिलेगी कुर्सी?

Sep 23, 2022
11:10 am

क्या है खबर?

कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए चुनाव की तारीख नजदीक आती जा रही है और इस रेस में अशोक गहलोत का नाम सबसे आगे चल रहा है। अभी तक कहा जा रहा था कि अगर गहलोत अध्यक्ष चुने जाते हैं, तब भी वो राजस्थान के मुख्यमंत्री बने रहना चाहते हैं। अब गहलोत ने संकेत दिए हैं कि अगर वो अध्यक्ष बनते हैं तो मुख्यमंत्री पद छोड़ने के लिए तैयार हैं। आइये इस बारे में विस्तार से जानते हैं।

जानकारी

राहुल गांधी ने कही थी एक व्यक्ति-एक पद की बात

गुरुवार को राहुल गांधी ने कहा था कि पार्टी ने उदयपुर अधिवेशन में 'एक व्यक्ति-एक पद' का फैसला लिया था। उम्मीद है कि यह कायम रहेगा। इसे गहलोत के लिए संकेत माना गया था, जो दोनों पदों पर रहना चाहते थे।

बयान

गहलोत ने क्या कहा?

भास्कर के अनुसार, गहलोत ने कहा कि अध्यक्ष पर एक व्यक्ति-एक पद का सिद्धांत लागू नहीं होता, लेकिन कांग्रेस के इतिहास में आज तक कोई भी अध्यक्ष साथ में मुख्यमंत्री के पद पर नहीं रहा है। ऐसे में इसी आधार पर फैसला लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि अध्यक्ष बनने वाले को सोचना होगा कि वह एक साथ दो पद कैसे रखेगा। फिर वह अध्यक्ष पद को जस्टिफाई नहीं कर पाएगा। गहलोत ने राहुल की बात से भी सहमति जताई।

सवाल

क्या सचिन पायलट को मुख्यमंत्री की कुर्सी सौंपेंगे गहलोत?

अटकलें लग रही हैं कि गहलोत के अध्यक्ष चुने जाने पर सचिन पायलट को राजस्थान का मुख्यमंत्री बनाया जा सकता है। हालांकि, गहलोत पायलट के नाम पर सहमत नहीं हैं। जब उनसे पायलट को लेकर सवाल किया गया तो उन्होंने कहा कि वो किसी के नाम की चर्चा नहीं कर रहे। यह देखना है कि जो भी व्यक्ति आए, उससे यह संदेश जाए कि पार्टी एकजुट है और वह फिर चुनाव जीतकर सरकार बना रही है।

बयान

हाईकमान लेगा फैसला- गहलोत

पायलट को कुर्सी सौंपने के सवाल पर गहलोत ने कहा कि आलाकमान राजस्थान के हालात का अध्ययन करेगा और देखेगा कि विधायकों की भावना क्या है। पार्टी के लिए यह नाजुक फैसला है और सोच-विचार के बाद यह फैसला लिया जाएगा।

जानकारी

आलाकमान से मिलेंगे पायलट- सूत्र

हाल ही में राहुल गांधी के साथ भारत जोड़ो यात्रा में हिस्सा लेकर आए सचिन पायलट फिलहाल दिल्ली में रुके हुए हैं और सूत्रों के अनुसार आज वो पार्टी आलाकमान से मुलाकात कर सकते हैं। दूसरी तरफ राजस्थान सरकार में भी पायलट के लिए समर्थन जुटता दिख रहा है। गहलोत के करीबी माने जाने वाले मंत्री राजेंद्र गुढ़ा ने कहा कि अगर अशोक गहलोत दिल्ली जाते हैं और सचिन पायलट को मुख्यमंत्री बनाया जाता है तो वो विरोध नहीं करेंगे।

जानकारी

17 अक्टूबर को अध्यक्ष पद का चुनाव

कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए 17 अक्टूबर को चुनाव होगा और 19 अक्टूबर को नतीजे घोषित किए जाएंगे। इसके लिए अधिसूचना जारी की जा चुकी है। इसके तहत नामांकन प्रक्रिया 24 सितंबर से शुरू होकर 30 सितंबर तक चलेगी।

न्यूजबाइट्स प्लस (जानकारी)

ये नेता लड़ सकते हैं चुनाव

गहलोत के चुनावी मैदान में उतरने पर उनका सामना शशि थरूर से हो सकता है। अब इस रेस में और चेहरे भी जुड़ने लगे हैं। रिपोर्ट्स के अनुसार, कांग्रेस के बागी नेता मनीष तिवारी, मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ और दिग्विजय सिंह और मल्लिकार्जुन खड़गे भी अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ सकते हैं। बता दें कि पिछले दो दशक में ये पहली बार होगा जब कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए मुकाबला देखने को मिलेगा।