Loading...
#NewsBytesExplainer: आजाद-ओवैसी गठबंधन का उत्तर प्रदेश की राजनीति पर क्या असर, कांग्रेस-सपा होगी चिंतित?
उत्तर प्रदेश में चंद्रशेखर आजाद और ओवैसी ने गठबंधन का ऐलान किया है

#NewsBytesExplainer: आजाद-ओवैसी गठबंधन का उत्तर प्रदेश की राजनीति पर क्या असर, कांग्रेस-सपा होगी चिंतित?

लेखन आबिद खान
Nov 12, 2026
03:11 pm

क्या है खबर?

उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव से पहले तीसरा मोर्चा बन गया है। असदुद्दीन ओवैसी की ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) और चंद्रशेखर आजाद की आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) ने गठबंधन का ऐलान किया है। इसे सामाजिक परिवर्तन मोर्चा नाम दिया गया है। इस दौरान ओवैसी ने कहा कि चंद्रशेखर मुख्यमंत्री पद का चेहरा होंगे और गठबंधन सभी सीटों पर चुनाव लड़ेगा। आइए उत्तर प्रदेश की राजनीति में इसके संभावित असर को समझते हैं।

आबादी

40 प्रतिशत मुस्लिम-दलित आबादी पर नजर

उत्तर प्रदेश में मुस्लिम आबादी करीब 19 और दलित आबादी करीब 21 प्रतिशत है। इसे ही गठबंधन के लिए सबसे अहम माना जा हा है।

खासकर पश्चिमी उत्तर प्रदेश और रुहेलखंड के इलाकों में गठबंधन की नजर ऐसी सीटों पर है, जहां मुस्लिम और दलित मतदाताओं की संख्या निर्णायक भूमिका निभा सकती है।

करीब 41 विधानसभा सीटों पर मुस्लिम और दलित मतदाताओं की हिस्सेदारी 50 प्रतिशत से भी ज्यादा है।

भाजपा

क्या भाजपा को होगा फायदा?

2022 के विधानसभा चुनाव परिणामों में 58 सीटें ऐसी थीं, जहां भाजपा उम्मीदवार दूसरे स्थान पर रहे थे। चांदपुर, रामनगर, इसाउली, दिबियापुर और दुमरियागंज में भाजपा उम्मीदवारों को केवल 234 से 771 वोटों के मामूली अंतर से हार का सामना करना पड़ा।

अगर नए गठबंधन के उम्मीदवार इन सीटों पर अच्छा प्रदर्शन करते हैं, तो चुनावी परिणाम को संभावित रूप से बदल सकते हैं। भले ही ये उम्मीदवार चुनाव हार जाएं, लेकिन दूसरे उम्मीदवारों की हार-जीत तय कर सकते हैं।

ADVERTISEMENT

सपा

समाजवादी पार्टी को क्यों हो सकता है नुकसान?

अगर गठबंधन मुस्लिम-दलित वोटों को आकर्षित करता है, तो SP को नुकसान हो सकता है, जिसने 2024 के लोकसभा चुनाव में इन वर्गों को साध लिया था।

2024 में SP ने 37 सीटें जीतकर भाजपा को करारा झटका दिया था। इसमें यादव, दलित, OBC और मुस्लिम वोटों की अहम भूमिका थी। तब SP का वोट प्रतिशत 15.48 प्रतिशत बढ़ गया था। यानी नया गठबंधन जिस वर्ग के वोट चाह रहा है, वो SP के मतदाता रहे हैं।

ADVERTISEMENT

मुस्लिम

2024 में मुस्लिमों ने किसे किया था वोट?

लोकनीति-CSDS के सर्वे के मुताबिक, उत्तर प्रदेश में 2024 के लोकसभा चुनाव में करीब 92 प्रतिशत मुस्लिम मतदाताओं ने INDIA गठबंधन को वोट देने की बात कही थी।

वहीं, राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) के पक्ष में मुस्लिम वोट का आंकड़ा करीब 2 प्रतिशत और बहुजन समाज पार्टी (BSP) के पक्ष में करीब 5 प्रतिशत था।

यानी मुस्लिम मतदाताओं का बड़ा हिस्सा विपक्षी गठबंधन के साथ था। तब SP और कांग्रेस INDIA के प्रमुख पार्टियां थीं।

प्रतिक्रिया

गठबंधन पर कांग्रेस-SP क्या कह रही है?

अयोध्या से SP सांसद अवधेश प्रसाद ने कहा, "गठबंधन का कोई वास्तविक महत्व नहीं है। मेरी राय में अखिलेश यादव ही एकमात्र ऐसे नेता हैं, जो भाजपा को सत्ता से बेदखल कर सकते हैं। यह लोकतंत्र है और कोई भी स्वतंत्र रूप से चुनाव लड़ सकता है या गठबंधन बना सकता है।"

कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने कहा, "लोकतंत्र में हर कोई गठबंधन बनाने के लिए स्वतंत्र है। वे जो चाहें कर सकते हैं; हम अपना रास्ता खुद तय करेंगे।"

पिछले चुनाव

2022 में कैसा रहा था औवेसी-चंद्रशेखर का प्रदर्शन

2022 के विधानसभा चुनाव में AIMIM ने 95 सीटों पर चुनाव लड़ा था, लेकिन एक भी सीट नहीं जीत सकी। पार्टी को 0.49 प्रतिशत वोट मिले थे।

वहीं, आजाद समाज पार्टी ने 100 से ज्यादा सीटों पर चुनाव लड़ा था, लेकिन उसका हाल भी AIMIM की तरह ही था। उसका वोट शेयर करीब 0.13 प्रतिशत रहा था।

यानी पिछले विधानसभा चुनावों में दोनों पार्टियों का प्रदर्शन खास नहीं रहा था।

ADVERTISEMENT