
गुजरात: विजय रुपाणी के बाद कौन होगा नया मुख्यमंत्री? ये नाम है सबसे आगे
क्या है खबर?
गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रुपाणी ने शनिवार दोपहर अचानक अपने पद से इस्तीफा देकर सबको चौंका दिया है।
उन्होंने उपमुख्यमंत्री नितिन पटेल के साथ राजभवन पहुंचकर राज्यपाल आचार्य देवव्रत को अपना इस्तीफा सौंप दिया। उनके इस फैसले की इस्तीफा देने से पहले किसी को भी कोई जानकारी नहीं थी।
इसी बीच अब उनकी जगह लेने वाले वाले नेता को लेकर मंथन शुरू हो गया है।
यहां जानते हैं अगले मुख्यमंत्री रूप में सबसे चर्चित नामों के बारे में।
बयान
नई ऊर्जा के साथ आगे बढ़नी चाहिए गुजरात की विकास यात्रा- रुपाणी
रुपाणी ने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने के बाद कहा कि गुजरात की विकास यात्रा नई ऊर्जा और नए उत्सव के साथ आगे बढ़नी चाहिए। इसको देखते हुए उन्होंने पद से इस्तीफा दिया है।
उन्होंने आगे कहा कि उन्हें पांच साल के लिए मुख्यमंत्री पद की जिम्मेदारी मिली थी, जो उनके लिए बहुत बड़ी बात है। अब पार्टी उन्हें जो भी जिम्मेदारी सौंपेगी, वह उसका पूरी जिम्मेदारी से निर्वहन करेंगे। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी का भी आभार जताया है।
#1
मनसुख मांडविया को माना जा रहा है प्रबल दावेदार
रुपाणी के इस्तीफा देने के बाद केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्री मनसुख मांडविया (49) को मुख्यमंत्री पद का प्रबल दावेदार माना जा रहा हैं। वह मोदी सरकार में सड़क परिवहन राज्य मंत्री रह चुके हैं।
2015 में मांडविया भाजपा के सबसे युवा महासचिव बने थे। वह सबसे पहले 2012 में गुजरात से राज्यसभा सदस्य बने थे और 2018 में दोबारा पद के लिए चुने गए हैं। वह 2002 से 2007 तक गुजरात विधानसभा के सदस्य भी रह चुके हैं।
#2
चर्चा में है पुरुषोत्तम रुपाला का भी नाम
मीडिया रिपोर्टों की माने तो, नए मुख्यमंत्री के लिए 66 वर्षीय मत्स्य पालन, पशुपालन और डेयरी मंत्री पुरुषोत्तम रुपाला के नाम पर भी चर्चा हो रही है।
उन्होंने 1980 के दशक में भाजपा के साथ अपना राजनीतिक करियर शुरू किया था। वह 1991 से तीन बाद अमरेली विधानसभा क्षेत्र से विधायक हर चुके हैं।
2016 में उन्होंने राज्यसभा सदस्य के तौर पर अपना कार्यकाल शुरू किया। वह गुजरात में सबसे प्रभावशाली पटेल समुदाय से आते हैं।
बयान
पार्टी जो भी जिम्मेदारी देगी, उसे निभाऊंगा- रुपाला
रुपाला ने आजतक से कहा, "राज्य के अगले मुख्यमंत्री को लेकर मंथन चल रहा है। कुछ ही देर में वह नाम भी सामने आ जाएगा।"
उन्होंने खुद को अगला मुख्यमंत्री बनाए जाने के सवाल पर कहा, "मैं इसका जवाब नहीं दे रहा हूं। अभी जो जिम्मेदारी मिली है, उसे निभा रहा हूं और आगे भी जो जिम्मेदारी मिलेगी, मैं उसे भी निभाऊंगा। पार्टी नेतृत्व के पास कार्यकर्ताओं का पूरा डेटा है। पार्टी को जो उचित लगेगा, उसे वह जिम्मेदारी मिलेगी।"
#3
उपमुख्यमंत्री नितिन पटेल को भी मिल सकती है जिम्मेदारी
गुजरात के 65 वर्षीय उपमुख्यमंत्री नितिन पटले का नाम भी रेस में शामिल है। वह पूरे उत्तर गुजरात में भाजपा के सबसे दिग्गज पटेल नेता के रूप में अपनी पहचान रखते हैं।
पूर्व मुख्यमंत्री आनंदीबेन पटेल के इस्तीफा देने के बाद भी उनके नाम पर चर्चा हुई थी, लेकिन बाद में वह पिछड़ गए थे।
गुजरात के नवनिर्माण आंदोलन में उन्होंने कडी इलाके के महामंत्री के तौर पर हिस्सा लिया था। वह काफी पहले भाजपा से जुड़ गए थे।
#4
सीआर पाटिल को भी मिल सकता है मौका
नवसारी से सांसद सीआर पाटिल गुजरात में राजनीति के एक बड़े खिलाड़ी माने जाते हैं। वह 2020 से गुजरात भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष हैं। उन्हें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह का करीबी माना जाता है।
66 वर्षीय पाटिल को मतदाताओं को सीधी पहुंच रखने में महारथ हासिल है। पाटिल ऐसे इकलौते सांसद हैं, जिनका कार्यालय ISO:2009 से प्रमाणित है।
वह गैर पाटीदार नेता हैं और दो बार पांच लाख से ज्यादा मतों से चुनाव जीत चुके हैं।
अन्य
आरसी फालदू और गोवर्धन जदाफिया के नाम की भी है चर्चा
गुजरात के अगले मुख्यमंत्री के दावेदारों में गुजरात भाजपा के पूर्व अध्यक्ष और वर्तमान कृषि, ग्रामीण विकास और परिवहन मंत्री आरसी फालदू तथा विश्व हिंदू परिषद (VHP) के दिग्गत नेता गोवर्धन जदाफिया का भी नाम शामिल हैं।
गुजरात में इन दोनों नेताओं का काफी प्रभाव माना जाता है। जदाफिया की तो VHP में काफी गहरी जड़े हैं।
ऐसे में इन दोनों नेताओं के नाम पर भी गहनता से चर्चा हो सकती है। हालांकि, अंतिम निर्णय पार्टी प्रबंधन का होगा।