आंध्र प्रदेश: मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू को गाली देने वाले पूर्व मंत्री रामबाबू को जेल भेजा गया
क्या है खबर?
आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू को गाली देने के आरोप में YSR कांग्रेस के नेता और पूर्व मंत्री अंबाती रामबाबू (68) को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। मुख्यमंत्री के खिलाफ अश्लील टिप्पणी के बाद रामबाबू को शनिवार रात में गिरफ्तार किया गया था। उसके बाद रविवार तक उन्हें पुलिस थाने में रखा गया। सोमवार को उन्हें गुंटूर मोबाइल कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें राजामहेंद्रवरम केंद्रीय जेल स्थानांतरित किया गया है।
मामला
2 FIR दर्ज, घर पर तोड़फोड़
रामबाबू के खिलाफ तेलुगु देशम पार्टी (TDP) नेता पिल्ली मानिक्यराव की शिकायत पर एक मामला दर्ज किया गया था, जबकि दूसरा मामला पुलिस ने स्वतः संज्ञान लेते हुए दर्ज किया है। पुलिस ने उनको भारतीय दंड संहिता (IPC) की धारा 126(2), 132, 196(1), 352, 351(2), 292 और 3(5) के तहत गिरफ्तार किया है। रामबाबू की गिरफ्तारी के बाद उनके घर पर TDP समर्थकों ने बवाल मचा दिया। उनके घर पर तोड़फोड़ की गई और आग लगा दी गई।
मामला
क्या है मामला?
पिछले हफ्ते शुक्रवार को रामबाबू ने गुंटूर में तिरुपति लड्डू विवाद को लेकर TDP के एक बैनर को हटा दिया था और चंद्रबाबू नायडू के लिए अपशब्दों का प्रयोग करते हुए चुनौती दी थी। उन्होंने कहा था कि अगर चंद्रबाबू की पुलिस में हिम्मत है तो उनको गिरफ्तार करें, वह तैयार हैं। इस बयान के बाद गुंटूर समेत अन्य जिलों में YSR कांग्रेस के खिलाफ प्रदर्शन शुरू हो गए। विजयवाड़ा में भी एक पूर्व मंत्री के घर पर तोड़फोड़ हुई।