अमित शाह का सोनिया गांधी पर निशाना, कहा- वंदे मातरम के अपमान पर माफी मांगो
क्या है खबर?
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार को राजस्थान के चित्तौड़गढ़ में एक जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी को निशाने पर लिया है। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस के दिन दिल्ली के कांग्रेस मुख्यालय पर बड़ा पाप हुआ है, जिसके लिए कांग्रेस संसदीय समिति की प्रमुख सोनिया और नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने कहा कि वंदे मातरम का गायन बीच में रोकने के लिए कांग्रेसियों को शर्म आनी चाहिए।
बयान
क्या बोले अमित शाह?
शाह ने कहा, "इनकी (कांग्रेस की) निर्लज्जता देखिए। कांग्रेस पार्टी मुख्यालय में वंदे मातरम का गायन हो रहा था, चालू गायन में कांग्रेस की नेत्री सोनिया जी ने कांग्रेस अध्यक्ष को गान रोकने को कहा। हम सब टीवी पर देखते रह गए। 80 साल के बाद बंकिम बाबू का ये अमर गान, जब फिर से सम्मान प्राप्त कर रहा है, वो भी सोनिया जी को रास नहीं आ रहा है। सोनिया जी 140 करोड़ की जनता आपको देख रही है।"
बयान
देश इस पाप को कभी माफ नहीं करेगा- शाह
शाह ने आगे कहा, "आपके द्वारा किया गया ये पाप, देश की जनता कभी माफ नहीं करेगी। कोई सपने में भी कैसे सोच सकता है कि वंदे मातरम का गान अधूरा छोड़ दिया जाए। कांग्रेसियों को शर्म आनी चाहिए और जरा भी शर्म बची है, तो दोनों हाथ जोड़कर बंकिम बाबू की अमर आत्मा से और देश की जनता से माफी मांगो।"
इससे पहले शाह ने कहा कि कांग्रेस ने वोट बैंक के लालच में वंदे मातरम भुला दिया था।
विवाद
क्या है सोनिया गांधी और वंदे मातरम को लेकर हाल का विवाद?
स्वतंत्रता दिवस के मौके पर शनिवार को कांग्रेस मुख्यालय 'इंदिरा भवन' पर झंडारोहण किया गया। इस दौरान राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम का गायन हुआ।
गायन के दौरान सोनिया अपने पास खड़े कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और आसपास के लोगों को हाथ से कुछ इशारा करती दिख रही हैं।
इसका वीडियो को भाजपा ने सोशल मीडिया पर ये कहकर वायरल किया कि सोनिया गांधी खड़गे और अन्य लोगों से वंदे मातरम का गायन बीच में रोकने के लिए कह रही थीं।
सफाई
कांग्रेस ने बताई सच्चाई
वीडियो चर्चा में आने के बाद कांग्रेस के संचार विभाग के प्रमुख जयराम रमेश ने भाजपा के दावों का खंडन करते हुए कहा कि समारोह में वंदे मातरम का पूरा गायन हुआ है और इस पर कोई विवाद नहीं है।
उन्होंने कहा कि सोनिया गांधी इशारा करके खड़गे के लिए कुर्सी मांग रही थीं, क्योंकि उम्रदराज होने से वह ज्यादा देर खड़े नहीं हो सकते।
उन्होंने कहा कि वंदे मातरम कांग्रेस के हर कार्यक्रम में पहले से गाया जाता है।
कार्यक्रम
पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा का अनावरण
राजस्थान में रविवार को शाह ने दिवंगत पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि पर उनकी प्रतिमा का अनावरण किया। इस मौके पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा मौजूदर हे।
शाह ने कहा कि अटल जी की याद में 1.5 करोड़ रुपये की लागत से 21 फीट की आदमकद प्रतिमा भाजपा के कार्यकर्ताओं ने लगवाया है।
उन्होंने इस मौके पर 15 जिलों में 5,755 करोड़ के 944 कामों का लोकार्पण और भूमिपूजन भी किया।
ट्विटर पोस्ट
अमित शाह का बयान
#WATCH | Chittorgarh, Rajasthan | Union Home Minister Amit Shah says, "Look at their (Congress's) shamelessness. The anthem Vande Mataram was being sung at the Congress Party headquarters. During the anthem, Congress leader Sonia Gandhi told the Congress President to stop… pic.twitter.com/HSbiWGf1La
— ANI (@ANI) August 16, 2026