LOADING...
अमित शाह ने कांग्रेस को निशाने पर लिया, नेहरू और इंदिरा के कार्यकाल पर उठाए सवाल
अमित शाह ने कांग्रेस समेत नेहरू और गांधी परिवार को निशाने पर लिया

अमित शाह ने कांग्रेस को निशाने पर लिया, नेहरू और इंदिरा के कार्यकाल पर उठाए सवाल

लेखन गजेंद्र
Jul 29, 2025
02:56 pm

क्या है खबर?

संसद के मानसून सत्र में मंगलवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने 'ऑपरेशन सिंदूर' और पहलगाम हमले पर जानकारी देकर विपक्ष को शांत करने की कोशिश की। इस दौरान उन्होंने न केवल कांग्रेस नेता पी चिदंबरम बल्कि जवाहरलाल नेहरू और इंदिरा गांधी को भी निशाने पर लिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को भारत सरकार से ज्यादा विदेशियों पर भरोसा है और कांग्रेस में विदेशी लोगों के महत्व को समझा जा सकता है। इस दौरान सदन में खूब हंगामा हुआ।

जवाब

चिदंबरम को निशाने पर लिया

कांग्रेस सांसद चिदंबरम ने एक दिन पहले मीडिया से साक्षात्कार में कहा था कि राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने आतंकियों के पाकिस्तानी होने की बात कही है, लेकिन इसका कोई सबूत नहीं है। इस पर शाह ने मंगलवार को संसद में जवाब दिया। उन्होंने कहा, "कल कांग्रेस के पूर्व गृह मंत्री पी चिदंबरम जी ने यह प्रश्न उठाया कि क्या सबूत है कि ये आतंकी पाकिस्तान से आए थे? वे क्या साबित करना चाहते हैं? वे किसे बचाना चाहते हैं?"

बयान

शाह बोले- हमने सबूत दे दिया है

शाह ने आगे कहा, "वे (चिदंबरम) कहते हैं कि आतंकी पाकिस्तानी नहीं थे और इस तरह एक पूर्व गृह मंत्री पाकिस्तान को क्लीन चिट देने की कोशिश कर रहे हैं। चिदंबरम जी यह संकेत देना चाह रहे हैं कि यदि आतंकी पाकिस्तानी नहीं थे, तो फिर हमने पाकिस्तान पर हमला क्यों किया?" उन्होंने कहा, "मैं चिदंबरम से कहना चाहता हूं कि हमारे पास अनेक सबूत हैं कि वो तीनों पाकिस्तानी थे। तीन में दो के पाकिस्तानी वोटर नंबर भी हैं।"

जवाब

शाह ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के लिए नेहरू को जिम्मेदार ठहराया

शाह ने कहा, "आज चीन संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में है और भारत नहीं है। मोदी जी पूरी कोशिश कर रहे हैं कि भारत परिषद का हिस्सा बने। इसके लिए जवाहरलाल नेहरू का रुख जिम्मेदार है। जब हमारे जवान डोकलाम में चीनी सैनिकों का सामना कर रहे थे, तब राहुल गांधी चीनी राजदूत के साथ बैठक कर रहे थे। चीन के लिए यह प्रेम, जवाहरलाल नेहरू, सोनिया गांधी, राहुल गांधी... तीन पीढ़ियों से चला आ रहा है।"

निशाना

इंदिरा गांधी को PoK के लिए दोषी बताया

शाह ने आगे कहा, "1971 में पूरे देश ने इंदिरा जी का समर्थन किया था। उन्होंने पाकिस्तान के दो टुकड़े कर दिए, ये भारत की बहुत बड़ी विजय थी, इस पर पूरा भारत गर्व करता है, हम भी करते हैं। उस समय 93 हजार युद्धबंदी और 15 हजार वर्ग किमी क्षेत्र हमारे कब्जे में था। शिमला समझौता हुआ, तो ये PoK मांगना भूल गए। अगर उस समय PoK मांग लेते, तो न रहता बांस न बजती बांसुरी।"

ट्विटर पोस्ट

अमित शाह ने नेहरू गांधी परिवार को निशाने पर लिया