पंजाब विधानसभा चुनाव: 16 मार्च को मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे AAP नेता भगवंत मान

पंजाब विधानसभा चुनाव की गुरुवार को हुई मतगणना में आम आदमी पार्टी (AAP) ने 92 सीटें जीतकर प्रचंड बहुमत हासिल किया है। इसी तरह AAP के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार भगवंत मान ने भी धुरी सीट से बड़ी जीत हासिल की है। इसके साथ ही अब उन्होंने 16 मार्च को राज्य के नए मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने का निर्णय किया है। इसके लिए वह शनिवार को राज्यपाल से मिलकर सरकार बनाने का दावा पेश करेंगे।
इससे पहले मान ने दिल्ली पहुंचकर AAP संयोजक और मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया सहित अन्य नेताओं ने उनके आवास पर मुलाकात की। इस दौरान केजरीवाल और सिसोदिया ने मान को गले लगाकर उनका स्वागत किया। इसके बाद मान ने केजरीवाल और सिसोदिया के पैर छूकर आशीर्वाद लिया और 16 मार्च के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने का निमंत्रण दिया। इससे पहले मान और केजरीवाल की मौजूदगी में 13 मार्च को अमृतसर में रोड शो निकाला जाएगा।
मान ने अपनी जीत के बाद कहा था कि वह शहीद भगत सिंह के गांव खटकड़कलां में मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। इसी तरह अब सरकारी दफ्तरों में मुख्यमंत्री की जगह भगत सिंह और बाबासाहेब अंबेडकर की तस्वीरें लगाई जाएंगी।
दिल्ली में मान से मुलाकात के बाद मुख्यमंत्री केजरीवाल ने ट्वीट कर उनके द्वारा पंजाब के लोगों की उम्मीदों को पूरा करने की बात कही। उन्होंने ट्वीट में लिखा, 'मेरा छोटा भाई भगवंत मान पंजाब के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेगा। आज वो शपथ ग्रहण का न्यौता देने मेरे घर आए। मुझे भरोसा है कि भगवंत एक मुख्यमंत्री के तौर पर पंजाब के लोगों की हर उम्मीद को पूरा करेंगे।' बता दें कि AAP ने पंजाब में इतिहास रचा है।
Moment of the day ❤️
— AAP (@AamAadmiParty) March 11, 2022
When Punjab's CM-elect @BhagwantMann met AAP's National Convenor @ArvindKejriwal pic.twitter.com/63u3YXTWbN
पंजाब में AAP की सुनामी देखने को मिली और पार्टी ने 117 में से 92 सीटों पर जीत दर्ज की। सत्तारूढ़ कांग्रेस की स्थिति बेहद खराब रही और वह मात्र 18 सीटें जीत पाई। अकाली दल तीन और अमरिंदर सिंह और भाजपा का गठबंधन मात्र दो सीटें जीत पाया।बहुजन समाज पार्टी और निर्दलीय ने एक-एक सीट जीती। AAP की लहर में चरणजीत सिंह चन्नी, अमरिंदर सिंह, नवजोत सिंह सिद्धू, प्रकाश और सुखबीर बादल जैसे तमाम बड़े नाम हार गए।
पंजाब चुनावों में AAP के मुख्यमंत्री पद के दावेदार मान ने संगरूर जिले की धुरी विधानसभा सीट से 58,206 वोटों के धमाकेदार जीत हासिल की है। चुनाव आयोग के अनुसार, मान को कुल 82,592 वोट मिले हैं, जबकि उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी और कांग्रेस के मौजूद विधायक दलवीर सिंह गोल्डी महज 24,386 वोट ही हासिल कर सके हैं। इसी तरह शिरोमणि अकाली दल (SAD) के प्रकाश चंद गर्ग को 6,991 वोट मिले हैं।
मान का संगरूर जिले के सतोज गांव में 17 अक्टूबर, 1973 को हुआ था। वह एक जाने-माने कॉमेडियन भी रह चुके हैं। उन्होंने अपने राजनीतिक सफर की शुरूआत 2011 में 'पंजाब पीपल्स पार्टी' से की था, लेकिन पहले विधानसभा चुनाव में वह नहीं जीत सके। इसके बाद मार्च, 2014 में वह AAP में शामिल हुए और उसी साल लोकसभा चुनाव में संगरूर से जीतकर सांसद बने। 2019 लोकसभा चुनाव में वो अपनी सीट जीतने वाले एकमात्र AAP सांसद रहे।
उधर, पंजाब के मौजूदा मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने शुक्रवार को राज्यपाल को अपना इस्तीफा सौंप दिया है। इस्तीफा देने के बाद चन्नी ने कहा, "मैंने अपना इस्तीफा राज्यपाल को दे दिया है। उन्होंने मुझे और मेरी कैबिनेट को नई सरकार के शपथ ग्रहण समारोह तक तक बने रहने के लिए कहा है। मैं लोगों के जनादेश को स्वीकार करता हूं। मैं पंजाब के हित में लगातार काम करता रहूंगा। हम नई सरकार का पूरा सहयोग करेंगे।"