
मनीष सिसोदिया ने तिहाड़ जेल से लिखा पत्र, बोले- जल्द ही बाहर मिलेंगे
क्या है खबर?
दिल्ली के पूर्व उपमुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी (AAP) के नेता मनीष सिसोदिया ने तिहाड़ जेल से पत्र लिखकर जल्द ही अपने बाहर आने की उम्मीद जताई है।
उन्होंने पत्र के जरिए अपने विधानसभा क्षेत्र के लोगों को संबोधित कर लिखा कि उनकी पार्टी अच्छी शिक्षा और स्कूलों के लिए वैसे ही लड़ रही है, जैसे सभी ने आजादी के लिए लड़ाई लड़ी थी।
उन्होंने लिखा कि ब्रिटिश तानाशाही के बावजूद आजादी का सपना सच हुआ था।
पत्र
15 मार्च को भी लिखा था पत्र
पटपड़गंज विधानसभा क्षेत्र से विधायक सिसोदिया ने आगे लिखा, "एक दिन हर बच्चे को उचित और अच्छी शिक्षा मिलेगी। अंग्रेज भी अपनी शक्ति के अहंकारी थे और उन्होंने महात्मा गांधी और नेल्सन मंडेला को कैद कर लिया था। जल्द ही बाहर मुलाकात होगी।"
बता दें कि यह पत्र उन्होंने 15 मार्च को लिखा था, जिसे शुक्रवार को सोशल मीडिया पर साझा किया गया है। पत्र को दिल्ली सरकार में कैबिनेट मंत्री आतिशी ने भी एक्स पर साझा किया है।
ट्विटर पोस्ट
सिसोदिया का पत्र
मनीष सिसोदिया जी का अपनी विधान सभा के लिए जेल से एक भावुक पत्र; और शिक्षित भारत के लिए एक सपना।
— Atishi (@AtishiAAP) April 5, 2024
सिर्फ़ AAP के ही नेता ऐसे हैं; जो ख़ुद सबसे मुश्किल परिस्थिति में होते हुए भी जनता के बारे में सोचते रहते है।
देशसेवा के इस भाव को किसी की भी तानाशाही नहीं रोक सकती। pic.twitter.com/LzfPDA1R2B
जानकारी
13 महीने से जेल में बंद हैं सिसोदिया
दिल्ली की शराब नीति मामले में कथित भ्रष्टाचार को लेकर सिसोदिया 13 महीने से तिहाड़ जेल में बंद है। उनकी जमानत कई बार ठुकराई जा चुकी है। उनको प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने गिरफ्तार किया था। संजय सिंह के बाद उनकी जमानत की आस जगी है।