LOADING...
AAP ने राघव चड्ढा को जवाब दिया, कहा- तुम मोदी के खिलाफ बोलने से डर रहे
आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अनुराग ढांडा ने राघव चड्ढा को जवाब दिया

AAP ने राघव चड्ढा को जवाब दिया, कहा- तुम मोदी के खिलाफ बोलने से डर रहे

लेखन गजेंद्र
Apr 03, 2026
12:36 pm

क्या है खबर?

आम आदमी पार्टी (AAP) ने राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा के वीडियो पर जवाब दिया और कहा कि वह लगातार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ बोलने से डर रहे हैं। पार्टी के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अनुराग ढांडा ने एक्स पर लिखा कि संसद में बोलने के लिए थोड़ा सा समय मिलता है, जिसमें या तो देश के लिए संघर्ष कर सकते हैं या एयरपोर्ट में समोसे सस्ते करवा सकते हैं। उन्होंने लिखा कि चड्ढा प्रधानमंत्री मोदी से डर रहे हैं।

बयान

मोदी से डरने वाले देश के लिए क्या लड़ेंगे?

ढांडा ने एक्स पर लिखा, 'हम केजरीवाल के सिपाही हैं। निडरता पहली पहचान है हमारी। कोई मोदी से डर जाए तो देश के लिए क्या लड़ेगा? संसद में पार्टी को बोलने का थोड़ा सा समय मिलता है, उसमें या तो देश बचाने का संघर्ष कर सकते हैं या एयरपोर्ट कैंटीन में समोसे सस्ते करवा सकते हैं।' ढांडा ने लिखा कि गुजरात में हमारे सैंकड़ों कार्यकर्ता भाजपा की पुलिस ने गिरफ्तार कर लिए, क्या सांसद साहब (चड्ढा) सदन में कुछ बोले?

बयान

मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ प्रस्ताव पर हस्ताक्षर करने से मना किया

ढांडा ने आगे लिखा कि पश्चिम बंगाल में वोट का अधिकार छीना जा रहा है और सदन में मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) के खिलाफ प्रस्ताव आया तो भाई साहब ने हस्ताक्षर से मना कर दिया। उन्होंने लिखा, 'पार्टी ने सदन से वाकआउट किया तो मोदीजी की हाज़िरी लगाने के लिए बैठे रहे। पिछले कुछ सालों से तुम डर गए राघव। मोदी के खिलाफ बोलने से घबराते हो। देश के असली मुद्दों पर बोलने से घबराते हो। जो डर गया वो.....।'

Advertisement

विवाद

चड्ढा ने वीडियो साझा कर पार्टी को घेरा था

गुरुवार को AAP ने राज्यसभा सचिवालय को चड्ढा को सदन के उपनेता के पद से हटाने और उनकी जगह अशोक मित्तल को नियुक्त करने का पत्र लिखा था। साथ ही, पार्टी ने लिखा कि राज्यसभा में चड्ढा को बोलने के लिए समय का आवंटन न किया जाए। इस पर शुक्रवार सुबह चड्ढा ने वीडियो पोस्ट कर कहा कि क्या आम आदमी से जुड़े मुद्दे सदन में उठाना गलत है। उन्होंने पार्टी को सवालों के घेरे में खड़ा किया।

Advertisement