Page Loader
राजस्थान: तीन मंत्रियों ने की इस्तीफे की पेशकश, जल्द हो सकता है मंत्रिमंडल विस्तार
अशोक गहलोत और सचिन पायलट

राजस्थान: तीन मंत्रियों ने की इस्तीफे की पेशकश, जल्द हो सकता है मंत्रिमंडल विस्तार

Nov 20, 2021
08:39 am

क्या है खबर?

राजस्थान में मंत्रिमंडल विस्तार से पहले तीन मंत्रियों ने सोनिया गांधी को पत्र भेजकर इस्तीफे की पेशकश की है। इन तीनों के पास दोहरी जिम्मेदारी है और इन्होंने कांग्रेस अध्यक्षा को बताया है कि वो संगठन के लिए काम करना चाहते हैं। इस्तीफे की पेशकश करने वाले मंत्रियों में हरीश चौधरी, रघु शर्मा और गोविंद सिंह डोटासरा शामिल हैं। ताजा हलचल के बाद माना जा रहा है कि राजस्थान में 21 या 22 नवंबर को मंत्रिमंडल विस्तार हो सकता है।

राजस्थान

हर नेता के पास थे दो पद

गोविंद सिंह डोटासरा राजस्थान सरकार में शिक्षा मंत्री होने के साथ-साथ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष का पद भी संभाल रहे हैं। वहीं स्वास्थ्य मंत्री रघु शर्मा गुजरात कांग्रेस का प्रभार भी संभाल रहे हैं। इसी तरह राजस्व मंत्री हरीश चौधरी पंजाब कांग्रेस के प्रभारी हैं। राजस्थान कांग्रेस प्रभारी अजय माकन ने इसकी जानकारी देते हुए कहा कि तीन कैबिनेट मंत्रियों ने इस्तीफे की पेशकश की है और पार्टी के लिए काम करने की इच्छा जताई है। पार्टी उनका सम्मान करती है।

मुलाकात

सोनिया से मिले थे गहलोत और पायलट

हाल ही में राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने दिल्ली में सोनिया गांधी से मुलाकात की थी। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, गहलोत केवल मंत्रिमंडल में विस्तार चाहते थे और वो किसी मंत्री की छुट्टी करने के पक्ष में नहीं थे। उनके बाद सचिन पायलट ने सोनिया गांधी से मुलाकात कर मंत्रिमंडल में बदलाव और दो पद वाले मंत्रियों को बाहर करने की मांग की थी। नए मंत्रिमंडल में पायलट गुट के कई नेताओं को जगह मिल सकती है।

जानकारी

पायलट गुट के इन नेताओं को मिल सकती है जगह

नए मंत्रिमंडल में सचिन पायलट खेमे के दीपेंद्र सिंह शेखावत, हेमाराम चौधरी, बृजेंद्र ओला, मुरारी लाल मीणा और रमेश मीणा को जगह दी जा सकती है। इसके अलावा कई मौजूदा मंत्रियों को विभागों में फेरबदल देखने को मिल सकता है।

कयास

बनाए जा सकते हैं 12 नए मंत्री

राजस्थान में फिलहाल मुख्यमंत्री समेत 21 मंत्री हैं। तीन मंत्रियों के इस्तीफे के बाद यह संख्या 18 रह जाएगी। वहीं राजस्थान विधानसभा में कुल विधायकों की संख्या 200 है और नियमों के हिसाब से यहां 30 मंत्री बनाए जा सकते हैं। ऐसे में कयास लगाए जा रहे हैं कि 12 नए विधायकों को मंत्री पद की शपथ दिलाई जा सकती है। पार्टी में हलचल को देखते हुए लग रहा है कि उन्हें ज्यादा इंतजार भी नहीं करना पड़ेगा।

जानकारी

जयपुर पहुंच चुके हैं माकन

राजस्थान कांग्रेस प्रभारी अजय माकन जयपुर पहुंच चुके हैं और अगले कुछ दिन वो राजस्थान में ही रुकेंगे। उनके इस दौरे को मंत्रिमंडल विस्तार से जोड़कर देखा जा रहा है। जयपुर पहुंचते ही उन्होंने मुख्यमंत्री अशोक गहलोत से मुलाकात की थी।

राजस्थान

लंबे समय से हो रही मंत्रिमंडल विस्तार की मांग

राजस्थान के पूर्व उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट लंबे समय से मंत्रिमंडल विस्तार की मांग कर रहे हैं। वो इस सिलसिले में कई बार दिल्ली आकर पार्टी हाईकमान से मुलाकात भी कर चुके हैं। पायलट ने मंत्रिमंडल में अपने समर्थकों को शामिल करने के साथ-साथ राजनीतिक नियुक्तियों की भी मांग की है। माना जा रहा है कि पार्टी मंत्रिमंडल में फेरबदल के बाद राजनीतिक नियुक्तियां कर सकती हैं, जिसमें पायलट गुट के कई नेताओं को पद मिल सकते हैं।