Page Loader
खूबसूरत पर्यटन स्थल है अल्ची, घूमने जा रहे हैं तो जान लें ये जरूरी बातें
अल्ची की यात्रा से जुड़ी महत्वपूर्ण बातें

खूबसूरत पर्यटन स्थल है अल्ची, घूमने जा रहे हैं तो जान लें ये जरूरी बातें

लेखन अंजली
Jun 21, 2022
08:25 am

क्या है खबर?

लद्दाख के लेह से 70 किलोमीटर की दूरी पर स्थित अल्ची एक खूबसूरत गांव है, जो समुद्र तल से लगभग 3,500 मीटर की ऊंचाई पर बसा हुआ है। यह गांव अपने गोम्पों, बौद्ध धर्मशास्त्रीय शिक्षा के दुर्ग के लिए प्रसिद्ध है। इसके अतिरिक्त, यहां की घुमावदार सड़कें और प्रकृति दृश्य एक अलग अनुभव प्रदान करता है। अगर आप अल्ची गांव घूमने का प्लान बना रहे हैं तो आइए आज हम आपको यात्रा से जुड़ी कुछ महत्वपूर्ण बातें बताते हैं।

राह

कैसे पहुंचे अल्ची गांव?

हवाई मार्ग: सबसे नजदीक हवाई अड्डा कुशोक बकुला रिंपोचे हवाई अड्डा है, जो अल्ची से लगभग 23 किलोमीटर दूर है। रेल मार्ग: निकटतम रेलवे स्टेशन जम्मू तवी है, जहां से आप टैक्सी या बस से अल्ची पहुंच सकते हैं। सड़क मार्ग: अल्ची गांव दिल्ली से लगभग 1,026 किलोमीटर की दूरी पर है और अगर आप अपने निजी वाहन से सफर तय कर रहे हैं तो ऐसे जाएं- दिल्ली>करनाल>अंबाला>रूपनगर>मंडी>मनाली>जिस्पा (रोहतांग दर्रे से होते हुए)>सरचू>तंगलांग ला>लेह>अल्ची गांव।

समय

घूमने का सबसे अच्छा समय

अगर आप गर्मियों की छुट्टियों में अल्ची घूमने जा रहे हैं तो यकीनन आपकी यात्रा काफी आनंदमय होने वाली है क्योंकि यहां का मौसम सुहावना रहता है। साफ शब्दों में कहे तो यहां घूमने का सबसे अच्छा समय मई से सितंबर तक है क्योंकि इस दौरान यहां का तापमान 12 से 25 डिग्री सेल्सियस के बीच रहता है। फिर भी अपने साथ कुछ हल्के जैकेट कैरी करना न भूलें क्योंकि यहां हवा में हल्की ठंडक हो सकती है।

पर्यटन

अल्ची में घूमने के लिए लोकप्रिय स्थान

अलची कई मठों और गोम्पों का घर है। अगर आपको शांत वातावरण और प्राचीन वास्तुकला पसंद है तो यहां के धार्मिक स्थलों की यात्रा अवश्य करें। इसके अतिरिक्त, लोट्सवाला ला-खांग की यात्रा करें, जो एक बौद्ध मंदिर है और उसमें शाक्यमुनि की एक मूर्ति है। वहीं, अल्ची मठ परिसर में सुम-ट्रेक, दू खांग और मंजुश्री वास्तुकला है, जिसे देख आप मंत्रमुग्ध हो जाएंगे और यहां का वैरोकाना मंदिर प्राचीन भित्ति चित्रों के लिए मशहूर है।

गतिविधियों

अल्ची में इन गतिविधियों का उठाया जा सकता है लुत्फ

अल्ची के मठ और गोम्पा के शांतिपूर्ण वातावरण में आप मेडिटेशन कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त, यहां के हेमिस मठ में हर साल जून में मनाए जाने वाले हेमिस उत्सव में भाग लें। वहीं, इसके नजदीक मौजूद रहस्यमयी चुंबकीय पहाड़ी पर जाएं, जहां की सड़क ऊपर की ओर जाती हुई प्रतीत होती है और यहां आपकी कार इंजन बंद करने पर भी आगे की ओर बढ़ेगी।