महाशिवरात्रि पर महिलाएं पहन सकती हैं ये पारंपरिक परिधान, लगेंगी बेहद खूबसूरत
क्या है खबर?
महाशिवरात्रि भगवान शिव और माता पारवती के शुभ विवाह के उपलक्ष्य में मनाया जाने वाला त्योहार है।
हिन्दुओं को इस पावन पर्व का बेसब्री से इंतजार रहता है और वे इस दिन पूरे हर्षों उल्लास के साथ भोले बाबा की पूजा-अर्चना करते हैं।
इस खास मौके पर महिलाओं को स्नान करके साफ-सुथरे कपड़ों में तैयार होना चाहिए और श्रृंगार भी करना चाहिए।
अगर, आप महाशिवरात्रि पर पारंपरिक परिधान पहनने की सोच रही हैं तो ये 4 विकल्प चुनें।
रंग
महाशिवरात्रि पर किस रंग के कपड़े पहनना शुभ होता है?
महाशिवरात्रि पर आपको ऐसे रंग के कपड़े पहनने चाहिए, जो शुभ हों। मान्यताओं के अनुसार, भोले बाबा को हरा रंग अति प्रिय है, जिस रंग का सूट और साड़ी बेहद खूबसूरत लगती हैं।
अगर आप पूजा के समय इस रंग के वस्त्र पहनेंगी, तो भगवान शिव आप पर अपनी कृपा बरसाएंगे। हरे के अलावा, आप पूजा के समय लाल, नीले, सफेद, गुलाबी और नारंगी रंगों के कपड़े भी चुन सकती हैं।
हालांकि, इस दिन काले वस्त्र नहीं पहनने चाहिए।
#1
बनारसी साड़ी
महिलाओं के बीच बनारसी साड़ियों की लोकप्रियता कम नहीं होती, क्योंकि वे शाही लुक प्रदान करती हैं। आप महाशिवरात्रि पर पूजा करते समय नीले या हरे रंग की बनारसी साड़ी पहन सकती हैं।
ये साड़ियां वाराणसी में तैयार की जाती हैं और इन्हें बनारसी सिल्क से बनाया जाता है। इसके साथ कंट्रास्ट वाले रंग का ब्लॉउज सिलवाएं और बाजुओं को लंबा रखवाएं।
आप बनारसी साड़ी के साथ कुंदन वाली झुमकियां पहन सकती हैं और बालों में जूड़ा बना सकती हैं।
#2
कॉटन का सूट
कॉटन के कपड़े से बनने वाले सूट सबसे आरामदायक होते हैं, जिन्हें पहनकर पूजा करना आसान होता है। आप भोले बाबा की अर्चना करते समय फूलों वाले प्रिंट वाला कॉटन का सूट पहन सकती हैं।
ऐसा सूट चुनें, जिसका कुर्ता A लाइन वाला हो या नायरा कट का हो। इस तरह के परिधान के साथ आपको ऑक्सीडाइज्ड कंगन, झुमके, पायल, अंगूठियां और हार पहनने चाहिए।
अपने बालों को खुला रखें या आधे बाल लेकर क्लेचर लगा लें।
#3
ऑर्गेंजा साड़ी
पिछले कुछ सालों से महिलाओं को ऑर्गेंजा साड़ियां बेहद पसंद आने लगी हैं। ये साड़ियां हल्के रंगों वाली होती हैं और इन पर बेहद खूबसूरत कढ़ाई की जाती है।
आप इस पावन अवसर के लिए नारंगी, हरी, नीली, गुलाबी, पीच या सफेद रंग की ऑर्गेंजा साड़ी चुन सकती हैं। इसके साथ स्लीवलेस या हॉल्टेर नेक ब्लाउज पहनें।
आप अपने लुक को पूरा करने के लिए कानों में चांद बालियां, पैरों में पायल और हाथों में चूड़ियां पहन सकती हैं।
#4
कुर्ती और प्लाजो
महाशिवरात्रि के मौके पर महिलायें कुर्ती पहन सकती हैं और उसके साथ प्लाजो स्टाइल कर सकती हैं।
यह सबसे आदर्श विकल्प हो सकता है, क्योंकि यह बेहद आरामदायक होता है और इसे पहनकर चलने फिरने में भी आसानी होती है।
आप सफेद रंग की कुर्ती के साथ लाल, हरा या किसी अन्य रंग का प्लाजो पहन सकती हैं। लुक को पूरा करने के लिए प्लाजो के रंग का ही दुपट्टा ओढ़ें, ताकि आपका आउटफिट संतुलित लगे।