Page Loader
मॉरीशस क्यों बन रहा है भारतीय पर्यटकों की पहली पसंद? जानिए इसकी लोकप्रियता बढ़ने के कारण 

मॉरीशस क्यों बन रहा है भारतीय पर्यटकों की पहली पसंद? जानिए इसकी लोकप्रियता बढ़ने के कारण 

लेखन सयाली
Jun 27, 2025
11:30 am

क्या है खबर?

मॉरीशस हिंद महासागर में स्थित एक खूबसूरत द्वीप है, जो अपनी प्राकृतिक सुंदरता और विविध संस्कृति के लिए जाना जाता है। यहां के सफेद रेत वाले समुद्र तट, नीला पानी और हरे-भरे पहाड़ पर्यटकों को आकर्षित करते हैं। यहां आ कर आप समुद्री जीव, वन्यजीव अभ्यारण्य और कई ऐतिहासिक स्थल देख सकते हैं। इस साल भारतीय पर्यटकों के बीच मॉरीशस की लोकप्रियता बढ़ती जा रही है। आइए जानते हैं कि भारतीय क्यों मॉरीशस की यात्रा करना पसंद करते हैं।

#1

बॉलीवुड का योगदान

बॉलीवुड सितारे जिन जगहों की यात्रा करने जाते हैं, उनकी लोकप्रियता खुद-ब-खुद बढ़ने लगती है। इन्हीं स्थानों में से एक है मॉरीशस, जिसका शांत वातावरण बॉलीवुड अभिनेताओं और अभिनेत्रियों को आकर्षित करता है। साथ ही इस सुंदर से देश में कई प्रसिद्ध हिंदी फिल्में भी शूट हुई हैं, जो पर्यटकों को यहां जाने के लिए प्रेरित करती हैं। इसके खूबसूरत नजारे और आलीशान रिसॉर्ट इसे छुट्टियों के लिए एक आदर्श जगह बनाते हैं।

#2

आगमन पर वीजा मिलने की सुविधा

मॉरीशस भारतीय नागरिकों को छोटी यात्राओं के लिए वीजा-मुक्त प्रवेश की अनुमति देता है। जिन लोगों के पास भारतीय पासपोर्ट होता है, उन्हें मॉरीशस पहुंचने पर 'वीजा ऑन अराइवल' यानि 'आगमन पर वीजा' मिल जाता है। यह वीजा 60 दिनों तक इस देश में रहने की अनुमति देता है। इसके लिए पहले से आवेदन नहीं करना पड़ता, लेकिन यात्रियों को आगमन पर कुछ दस्तावेज प्रस्तुत करने होते हैं, जिनमें पासपोर्ट, वापसी की टिकट और होटल की जानकारी आदि शामिल हैं।

#3

किफायती यात्रा और सस्ती फ्लाइट

मॉरीशस भारतीयों के लिए एक किफायती जगह हो सकती है, अगर आप ऑफ-सीजन के दौरान यहां जाते हैं और समय से फ्लाइट बुक करते हैं तो। ट्रैवल बुकिंग साइटों के अनुसार, प्रमुख भारतीय शहरों से दोनों तरफ की फ्लाइट का किराया 25,000 रुपये से लेकर 60,000 रुपये तक हो सकता है। साथ ही आपको 30,000 रुपये से कम में 7 दिनों तक मॉरीशस में रुकने के पैकेज मिल सकते हैं।

#4

प्राकृतिक सुंदरता

मॉरीशस की लोकप्रियता का सबसे बड़ा कारण उसकी सुंदरता है। यहां के नीले समुद्र तट, हरे-भरे नजारे और अद्वितीय भूवैज्ञानिक संरचनाएं पर्यटकों को आकर्षित करती हैं। यह द्वीप अपने राष्ट्रीय उद्यान और झरनों से लेकर ज्वालामुखी क्रेटर और जीवंत प्रवाल भित्तियों के लिए भी प्रसिद्ध है। मॉरीशस के मुख्य आकर्षणों में चामरेल की 7 रंगीन धरती, ब्लैक रिवर गॉर्जेस राष्ट्रीय उद्यान और आइल ऑक्स सेफर्स शामिल हैं। इसके अलावा, यहां पर्यटक स्नोर्कलिंग और गोताखोरी जैसे अनुभव भी ले सकते हैं।

#5

सांस्कृतिक जुड़ाव

भारत और मॉरीशस के बीच एक गहरा सांस्कृतिक जुड़ाव भी देखा जाता है। इसकी जड़ें औपनिवेशिक युग के दौरान द्वीप पर आने वाले भारतीय मजदूरों के ऐतिहासिक अनुभव से उपजी है। आज मॉरीशस की लगभग 70 प्रतिशत आबादी भारतीय मूल की है, जिससे दोनों देशों के बीच एक संबंध-सा बन जाता है। मॉरीशस की भाषा, खान-पान, त्योहार और परंपराएं काफी हद तक हमसे मिलती हैं, जिस कारण लोग यहां जाना पसंद करते हैं।